'आने वाले वक्त में पूरे महाराष्ट्र को हरा रंग देंगे', सहर शेख के बाद इम्तियाज जलील ने भाजपा को दी चुनौती
औरंगाबाद के सांसद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के नेता इम्तियाज जलील ने मुंब्रा में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अपनी पार्टी की नगरसेविका सहर शेख का जोरदार बचाव करते हुए महाराष्ट्र को "हरा" करने की खुली चुनौती दी। यह बयान ऐसे समय आया है जब सहर शेख के "मुंब्रा को हरा करेंगे" वाले बयान पर काफी विवाद छिड़ा हुआ है।
जलील ने मुंब्रा में सहर शेख से मुलाकात की और उनके बयान का समर्थन किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जब एक नगरसेविका को सिर्फ एक बयान के लिए पुलिस नोटिस भेजा जा रहा है, तो भाजपा नेताओं, विशेषकर नितेश राणे के, विवादित बयानों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती। उन्होंने नितेश राणे का एक वीडियो भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में चलाया, जिसमें राणे मस्जिद में घुसकर मारने की बात कहते दिख रहे थे।

इम्तियाज बोले- जिसको भौंकना है वो भौंकते रहें..
भगवा मफलर पहनकर पत्रकारों से बात करते हुए इम्तियाज जलील ने कहा, "'जिसको भौंकना है वो भौंकते रहें, हमें कोई फर्क नहीं पड़ता है। आपने देश को रंगों में बांट दिया है। कोई रंग किसी विशेष जाति का नहीं है, लेकिन रंग को जाति से जोड़ा जाता है, क्योंकि उनकी मानसिकता यही है। सिर्फ किरीट सोमैया आते हैं और हमारी सहर शेख को नोटिस दिया जाता है। अगर मैं आऊंगा, तो बड़ी संख्या में लोग पुलिस स्टेशन में आएंगे।" उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।
इम्तियाज ने भाजपा को दी चुनौती
इम्तियाज ने भाजपा को सीधे चुनौती देते हुए अपनी बात दोहराई, "सहर के बयान पर इतना हंगामा क्यों मचाया गया? भाजपा के 'पिल्ले' जो बोलते हैं, उन पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं होती? आने वाले समय में हम पूरे राज्य को हरा रंग देंगे।" जलील ने किरीट सोमैया को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वह दोबारा मुंब्रा आए, तो उनके आपत्तिजनक वीडियो चौराहों पर दिखाए जाएंगे।
AIMIM हरे रंग की पार्टी है, लेकिन..
जलील इम्तियाज ने AIMIM के धर्मनिरपेक्ष होने को लेकर दृढ़ता से कहा, "हम पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है कि पार्टी को कैसे बड़ा किया जाए। सब कहते हैं कि AIMIM हरे रंग की पार्टी है, लेकिन AIMIM ने हिंदू भाई विजय उबाले को मुस्लिम बहुल इलाके से चुनाव जिताया है। हमें सभी जाति-धर्म के लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ना है।"
उन्होंने भाजपा पर सत्ता के लिए हिंदू राष्ट्र के एजेंडे को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए तीखी आलोचना की। जलील के अनुसार, "ओवैसी से बड़ा नेता इस देश में कोई नहीं है जो संविधान बचाने की बात बार-बार करते हैं। भाजपा जब से सत्ता में आई है, हिंदू राष्ट्र बनाने की बात कर रही है, वे सिर्फ सत्ता के लिए यह सब कर रहे हैं, हम उनकी निंदा करते हैं।"
AIMIM से हिंदू नेता भी जीते हैं
AIMIM नेता ने अपनी पार्टी की ताकत पर जोर दिया और बताया, "हमने मुंबई और महाराष्ट्र में 125 सीटें जीतकर बड़ी छलांग लगाई है। 125 में से कई हिंदू हैं जो AIMIM के टिकट पर चुने गए हैं।" उन्होंने महाराष्ट्र में भाजपा, शिवसेना और एनसीपी (शरद पवार गुट) की राजनीति की भी निंदा की, जिसे उन्होंने विभाजनकारी बताया। जलील ने आगे कहा, "मुंब्रा में हरा-भगवा चल रहा है, लेकिन कोई यह नहीं देखता कि हमने हिंदू मयूर सारंग को भी जिताया है। जो लोग विवाद पैदा कर रहे हैं, उनकी हार हुई है, इसलिए वे परेशान हैं।"












Click it and Unblock the Notifications