Adipurush Controversy: 'ये दिखाओगे बच्चों को, धिक्कार है', थिएटर में आदिपुरुष को लेकर हिंदू संगठन का हंगामा
Adipurush Controversy: साउथ सुपरस्टार प्रभास और कृति सेनन की फिल्म आदिपुरुष रिलीज होने के बाद से विवादों में है। फिल्म को लेकर काफी आलोचनाएं हो रही हैं। आदिपुरुष फिल्म 'रामायण' से प्रेरित है। अब हिंदू संगठन इस फिल्म के विरोध में आ गए हैं।
आदिपुरुष फिल्म के डायलॉग, वीएफएक्स, एक्टिंग, कास्टिंग हर बात को लेकर सवाल उठ रहे हैं। कई हिंदू संगठनों का दावा है कि फिल्म में 'रामायण' से जुड़ी कई चीजें गलत दिखाई गई हैं।

महाराष्ट्र के जिला पालघर में भी कुछ हिंदू संगठनों के सदस्यों ने आदिपुरुष फिल्म का विरोध करते हुए थिएटर में चलती फिल्म को रुकवा दिया। कुछ हिंदू संगठनों के सदस्यों ने रविवार, 18 जून को नालासोपारा, पालघर में एक मल्टीप्लेक्स में हंगामा किया। उस वक्त थिएटर में आदिपुरुष दिखाई जा रही थी।
प्रदर्शनकारियों ने फिल्म की स्क्रीनिंग रोक दी, नारे लगाए और मल्टीप्लेक्स के कर्मचारियों के साथ बहस की। न्यूज एजेंसी एएनआई द्वारा जारी वीडियो में प्रदर्शनकारियों को थिएटर में नारा लगाते हुए सुना जा सकता है।
प्रदर्शनकारी कहते है, ''ये फिल्म दिखाओगे अपने बच्चों को। ये सीख दोगे। धिक्कार है, अगर तुम ऐसी फिल्म देखने आए हो। इस फिल्म का समर्थन करने वालों पर हमें धिक्कार है।'' एक अन्य प्रदर्शनकारी कहता है, ''हम इस फिल्म को नहीं चलने देंगे, चाहे इसके लिए हमें फांसी पर ही क्यों ना चढ़ना पड़े।''
वीडियो में प्रदर्शनकारियों को मल्टीप्लेक्स मैनेजर से भी बहस करते हुए देखा जा सकता है। जिसको ये फिल्म बंद करने की धमकी देते हुए दिख रहे हैं। वीडियो में प्रदर्शनकारी जय श्री राम के नारे लगाते हुए भी सुने जा सकते हैं।
वहीं आदिपुरुष फिल्म के निर्माता, निर्देशक, स्टार कास्ट और पूरी टीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए हिंदू महासभा की लखनऊ इकाई ने लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में कहा गया है कि ये हिंदू धर्म के सबसे बड़ ग्रंथ रामायण का अपमान है। फिल्म में राम, सीता और हनुमान सहित सभी केंद्रीय पात्रों की कहानी अलग है।












Click it and Unblock the Notifications