सलमान खान के घर फायरिंग के आरोपी की आत्महत्या मामले में आया नया मोड़, परिवार ने लगाए संगीन आरोप
फिल्म अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसमे से एक आरोपी अनुज थापन की आत्महत्या की बात सामने आई थी।
पुलिस का दावा था कि अनुज थापन ने बुधवार को जेल के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लेकिन अनुज थापन के गांव के सरपंच ने दावा किया है कि अनुज की मौत पुलिस हिरासत में टॉर्चर से हुई है।

सरपंच ने लगाया पुलिस प्रताड़ना का आरोप
बता दें कि अनुज थापन फाजिल्का जिले के सुखचैन गांव का निवासी थी। पुलिस का दावा है कि अनुज ने जेल के भीतर दरी से फांसी का फंदा बनाया और बाथरूम में आत्महत्या कर ली। लेकिन अनुज के गांव के सरपंच मनोज कुमार गोदारा ने पुलिस के दावे को खारिज करते हुए पुलिस यातना का आरोप लगाया है।
मनोज कुमार ने मांग की है कि इस मामले की जांच के लिए महाराष्ट्र के बाहर की किसी एजेंसी को नियुक्त किया जाना चाहिए। यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है।
भाई ने बताया हत्या
वहीं अनुज के भाई अभिषेक थापन ने कहा कि वह बेहद गरीब परिवार से संबंध रखते हैं, मेरा भाई अनुज ट्रक कंडक्टर था। उसने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसकी हत्या की गई। मैं न्याय की मां करता हूं।
मामा ने पुलिस पर उठाया सवाल
अनुज थापन के मामा रजनीश का कहना है कि हाई सिक्योरिटी जेल के भीतर आखिर कैसे अनुज ने आत्महत्या कर ली। यह मुंबई पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। मेरे भांजे ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसका कत्ल किया गया है।
पुलिस ने एक्सिडेंटल डेथ का केस दर्ज किया
गौर करने वाली बात है कि इस मामले आजाद मैदान थाने में मुंबई पुलिस ने एक्सिडेंटल डेथ का मामला दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि शूटर सागर पाल और विक्की गुप्ता को हथियार सप्लाई करने का अनुज थापन और सोनू बिश्नोई पर था। जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया था। सागर और विक्की पहले से ही पुलिस की हिरासत में हैं।
शिवसेना (UTB) ने पुलिस की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा किया
वहीं इस मामले में शिवसेना (उद्धव बाला साहेब ठाकरे) के नेता आनंद दुबे ने जांच की मांग करते हुए पुलिस पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि दो में से एक आरोपी की लॉकअप में मौत हो जाती है, बताया जाता है कि उसने आत्महत्या की है।
आप सोचिए इतने गंभीर मामले का अपराधी, जिसके जैसे-तैसे पकड़ा गया, कोई जवाबदेही लेने को तैयार नहीं। क्या यह कारण तो नहीं था कि सलमान खान को डरा-धमकाकर कोई गिरोह या गैंग धन उगाही करना चाहता था और जब उसको पता चला कि आरोपी पकड़ा गया, यह सब बक देगा, गवाही दे देगा तो उसे मार दिया गया।
यह भी हो सकता है कि इसमे कोई राजनेता और पुलिस अधिकारी शामिल हो। ऐसे कैसे हो सकता है कि इतनी सुरक्षित मुंबई पुलिस का लॉकअप जहां सीसीटीवी कैमरा होता है, पुलिस का बड़ा बल होता है, बहुत सारे अधिकारी होते हैं, सुरक्षा चौकस होती है उसमे कोई आरोपी मर जा रहा है।
यह आरोपी जिंदा रहता तो बहुत कुछ बताता, कई पर्दाफाश करता, कई गवाही देता, कोई बड़ी घटना होने वाली होती तो उसका खुलासा करता, अब उसकी मौत के साथ सबकुछ समाप्त हो गया। यह बहुत बड़ी साजिश है।
मैं गृहमंत्री से अपील करता हूं कि आप इस मामले को गंभीरता से लें, इसकी जांच कराइए, नहीं तो किसी को कानून व्यवस्था पर भरोसा नहीं रहेगा। अगर सलमान खान को डराने-धमकाने वाले ऐसे ही घूम रहे हैं, मारे जा रहे हैं, इसकी कोई जांच नहीं हो रही है तो आम व्यक्ति का क्या होगा। यह बहुत गंभीर मामला है, इसकी तत्काल जांच होनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications