गले में सांप लपेटे बाजार में घूम रहा था शख्स, दोस्त बनाता रहा वीडियो फिर अचानक....
ठाणे, 29 जुलाई: मुंबई से सटे ठाणे जिले में एक शख्स की लापरवाही ने उसकी जान ले ली। उसने अपने घर के पास से ही एक सांप पकड़ा था, जो शायद भारी बारिश की वजह से नया ठिकाना तलाश रहा था। उसके साथ उसका दोस्त भी था। सांप पकड़ने के उत्साह में उस शख्स ने उसके साथ खेलना शुरू कर दिया। उसे गले में लपेट लिया, लेकिन दोस्त ने भी उसे रोकने की कोशिश नहीं की। बल्कि, उसने तो वीडियो बनाना शुरू कर दिया। सांप के साथ उस शख्स का यह जानलेवा खेल लंबे वक्त तक चला। इस दौरान तीन-तीन बार सांप ने उसे डस लिया। लेकिन, न तो उसने सांप को हटाया और ना ही उसके दोस्त ने उससे ऐसा करने को कहा। उसके बाद जो कुछ हुआ वह बहुत ही खेदजनक है।

सांप डस रहा था और दोस्त बना रहा था वीडियो
मुंबई से सटे ठाणे जिले के मुंब्रा में 28 साल का एक शख्स एक सांप को गले में लपेटकर उसके साथ काफी देर से खेल रहा था। वह उसी स्थिति में बाजार भी पहुंच गया। सांप गले में लिपटा था और वह घूम रहा था। उसकी इस हरकत का उसका एक दोस्त लगातार वीडियो भी बनाए जा रहा था। घटना बुधवार की है, जब मुंब्रा टाउनशिप के संजय नगर इलाके में रहने वाले मोहम्मद शेख नाम के शख्स ने पास के ही इलाके से उस सांप को पकड़ लिया था। ठाणे पुलिस ने आज बताया है कि इस दौरान सांप ने उसे तीन-तीन बार डस लिया। पुलिस के मुताबिक उसके साथ उसका जो दोस्त चल रहा था, वह लगातार मोबाइल में इस हरकत को कैद कर रहा था, लेकिन उसने उसे रोकने की कोई कोशिश नहीं की।
Recommended Video

बेचैनी की शिकायत की और निकल गई सांस
बाद में उस शख्स ने बेचैनी की शिकायत की। उसे आनन-फानन में उठाकर सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने वहां पहुंचते ही उसे मृत घोषित कर दिया। ठाणे पुलिस ने इस मामले में ऐक्सिडेंटल डेथ का केस दर्ज किया है और पोस्टमॉर्टम के लिए शव को ठाणे के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल भेज दिया है। उसका जो दोस्त वीडियो बना रहा था, उसने उसे रोकने की कोशिश तो नहीं ही की थी, बल्कि उसकी मौत के बाद जहरीले सांप के साथ खेलने का उसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी डाल दिया। जानकारी के मुताबिक पीड़ित अपने उस दोस्त के साथ गांवदेवी इलाके में गया था और वहीं उसकी नजर उस सांप पर पड़ी थी। उसने फौरन उस सांप को पकड़ लिया और लोगों को दिखाने के लिए उसके साथ खेलना शुरू कर दिया था। (पहली दोनों तस्वीरें- प्रतीकात्मक)
भारी बारिश की वजह से ज्यादा सांपों के निकलने की आशंका
दरअसल, इन दिनों महाराष्ट्र के विभिन्न इलाकों में बहुत ही ज्यादा बारिश हो रही है। जानकारों का मानना है कि इस वजह से सांप नए ठिकानों की तलाश में इंसानी बस्तियों की ओर रुख करने लगे हैं। ठाणे जिले में पहले भी सांपों के रिहायशी इलाकों में पाए जाने की खबरें सामने आ चुकी हैं। कुछ दिन पहले ही मुंब्रा के ही चरणीपदा इलाके में 10 फीट लंबे एक अजगर का वीडियो सोशल मीडिया में आया था। ट्विटर पर वीडियो डालने वाले शख्स का दावा था कि यह विशाल अजगर लोगों के घरों में घुसने की कोशिश कर रहा था, तभी उसपर नजर पड़ी और उसे पकड़ लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications