Mahrajganj: अति संवेदनशील बूथों का डीएम ने किया निरीक्षण, दिए यह आवश्यक निर्देश
महराजगंज जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने नगर निकाय चुनाव को लेकर जिले के कुछ जगहों का दौरा कर बूथों का निरीक्षण किया।

Mahrajganj News: नगर निकाय चुनाव को लेकर महराजगंज के जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने रविवार को संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। नगर पंचायत चौक का दौरा किया।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय ओबरी व उच्च प्राथमिक विद्यालय बरगदही बसंतनाथ में स्थापित बूथों का अवलोकन किया। उन्होंने बरगदही बसंतनाथ में विद्यालय परिसर के पास की भूमि की पैमाइश करवाते हुए, भूमि को सुरक्षित करने का निर्देश दिया। उन्होंने उक्त भूमि को बच्चों के खेल मैदान के रूप में विकसित करने के लिए ईओ चौक को निर्देशित किया। क्षेत्र में पर्याप्त साफ-सफाई न होने पर अप्रसन्नता व्यक्त की और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का निर्देश दिया। बूथों की संवेदनशीलता को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा इंतेजाम करने के लिए कहा।
जिलाधिकारी ने नवनिर्मित नगर पंचायत कार्यालय का भी निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को नोटिस जारी करने के लिए ईओ चौक को निर्देश दिया। उन्होंने ठेकी चौराहे के सुन्दरीकरण के संदर्भ में भी आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर राजेश कुमार श्रीवास्तव, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, ईओ चौक व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications