Yogi Adityanath एमपी चुनाव की सभा में बोले- ‘कहा था गुलामी के ढांचे को हटाएंगे हट गया, मंदिर की तारीख भी आ गई'
Yogi Adityanath: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार थमने के आखिरी दिन बीजेपी दिग्गजों ने धुआंधार अंदाज में रैलियां की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी छाए रहे हैं। चंबल, बुंदेलखंड और विंध्य के इलाकों में पहुंचे। जहां उन्होंने बदलते हिन्दुस्तान की तस्वीर के लिए अपनी पार्टी की सरकार को श्रेय दिया।
भिंड-ग्वालियर और छतरपुर और रीवा में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने राम जन्मभूमि की समस्या दी। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने इस समस्या को समाप्त कर दिया।
पब्लिक के बीच मंच से बोले कि हमने नारा दिया था- राम लला आएंगे, गुलामी के ढांचे को जरूर हटाएंगे। हट गया, मंदिर बन रहा है। अब तारीख भी बता रहे हैं- 22 जनवरी को 500 वर्ष के इंतजार के बाद श्रीराम स्वयं के मंदिर में विराजमान होंगे।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2014 के बाद भारत के प्रति दुनिया का नजरिया बदला है। निगाहें बदली हैं। आज दुनिया में कहीं भी संकट आता है तो दुनिया के लोग भारत और प्रधानमंत्री मोदी जी की तरफ उम्मीद भरी निगाहों से देखते हैं। बदलते हुए देश का असर मध्य प्रदेश में भी दिख रहा है।
भिंड शहर की जनसभा में योगी ने कहा कि चंबल का पानी कभी धोखा नहीं देता। देश के लिए शहादत की एक नई गाथा इस धारा ने दी है, लेकिन कांग्रेस की सरकार में लोग यहां आने से डरते थे। अब यहां मुझे आगरा जैसी प्रगति दिखाई दे रही है। जिसे देखने के लिए पूरी दुनिया उतावली है।
रीवा जिले के सेमरिया में चुनावी सभा और रोड शो के दौरान योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस आपकी आस्था का सम्मान नहीं कर सकती, आपको सुरक्षा नहीं दे सकती, आपका विकास नहीं कर सकती। जबकि भाजपा की डबल इंजन सरकार में विकास, सुरक्षा एवं सेवा भावना है। उन्होंने कांग्रेस के साथ बसपा पर भी हमला कर कहा कि उत्तर प्रदेश में 403 विधानसभा सीटों में से हाथी का एक विधायक और कांग्रेस के दो विधायक हैं, यही स्थिति मध्य प्रदेश में होने जा रही है। योगी ने छतरपुर जिले की राजनगर विधानसभा क्षेत्र के लवकुशनगर में सभा को संबोधित किया।












Click it and Unblock the Notifications