MP : विदिशा में बैंक 14 दिन बाद खुली तो पैसे निकालने के लिए रात 2 बजे से ही लाइन में लगे किसान
विदिशा, 28 मई। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से अन्नदाता के परेशान होने का मामला सामने आया है। यहां बैंक से रुपए निकलवाने के लिए किसान रातजगा करने को मजबूर हैं। परेशान किसानों ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
Recommended Video

बैंक से आस-पास के करीब 90 गांव-कस्बे जुड़े हैं
पूरा मामला ये है कि विदिशा जिले के शमशाबाद में सहकारी बैंक है, जिससे आस-पास के करीब 90 गांव-कस्बे जुड़े हैं। बैंक से किसानों को सम्मान निधि, बीमा राशि व फसल बेचने का भुगतान आदि मिलता है। इस सहकारी बैंक के कुछ कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। ऐसे में बैंक बीते 14 दिन से बंद थी। मंगलवार को बैंक खुली तो रुपए निकलवाने के लिए एक साथ बड़ी संख्या में किसान बैंक पहुंच गए। उन्हें काबू में करने और कोरोना गाइडलाइन की पालना करवाने के लिए बैंक प्रबंधन ने टोकन व्यवस्था शुरू की।

150 किसान ही बैंक से रुपए निकलवा सकेंगे
बैंक के स्थित पुलिस थाना परिसर में किसानों को टोकन वितरित किए गए और तय किया गया कि रोजाना सिर्फ 150 किसान ही बैंक से रुपए निकलवा सकेंगे। शेष को वापस लौटना होगा। बुधवार को बैंक की छुट्टी थी। गुरुवार का टोकन पाने के लिए किसान रात में लाइन लगाकर बैठ गए।

लाइन में अपनी बैंक पासबुक रख दी
बैंक के बाहर रात दो बजे से लाइन में लगे किसान मांगीलाल व रवि कौशल आदि ने आरोप लगाया कि उन्होंने लाइन में अपनी बैंक पासबुक रख दी और खुले आसमां के नीचे रात गुजारी है। बैंक प्रबंधन की ओर से उनके लिए टेंट व पानी तक की व्यवस्था नहीं की गई। बैंक कर्मचारी भुगतान में भेदभाव कर रहे हैं। परिचितों को पहले भुगतान कर रहे हैं।

सोशल डिस्टेंसिंग की पालना भी
गुरुवार सुबह जिला सहकारी बैंक के बाहर बढ़ती ग्राहकों की भीड़ की सूचना पर तहसीलदार हर्ष विक्रम सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरआई, पटवारी के माध्यम से टोकन बटवाए। कोरोना महामारी में सोशल डिस्टेंसिंग की पालना भी करवाई।

सभी के खाते में पैसे जमा हो गए
मीडिया से बातचीत में बैंक मैनेजर विनोद अहिरवार कहते हैं कि सभी के खाते में पैसे जमा हो गए हैं। इसलिए पैसे निकलवाने आने वालों की भीड़ है। कोरोना महामारी में घर खर्च के लिए हर कोई खाते से पैसे निकलवाना चाह रहा है। इसलिए भीड़ बढ़ गई।












Click it and Unblock the Notifications