अनूठी शादी: पुलिस ने किया वेडिंग प्लान, सायरन बजाती जीप में पहुंचे दूल्हे राजा, थाने में लगी बारात
दमोह जिले के मगरौन थाना पुलिस ने गरीब चायवाले की बिन मां की बेटी की शादी कराई है। सबसे खास बात थाना परिसर में बारात लगी, पुलिस ने पूरा वेडिंग प्लान किया, जानकारी लगने पर SP खुद बारात का स्वागत करने मौजूद थे।

आपने अनोखी और अनूठी शादियों के बारे में तो खूब सुना होगा, लेकिन क्या आपने पुलिस को वेडिंग प्लान करने, थाने के अंदर बारात लगते या अनजान लड़की की बारात में एसपी और थाना प्रभारियों को बारात का स्वागत करते देखा सुना है! शायद नहीं। दमोह में ऐसी ही अनूठी शादी हुई है। थाना परिसर में शामियाना लगवाया गया था, पुलिस ने गांव वालों के साथ शादी के कार्ड छपवाए थे, पुलिस की वाहन में सायरन बजाते दूल्हे राजा की बारात आई और खुद पुलिस कप्तान हाथ जोड़कर बारात का स्वागत करने के लिए थाने के द्वार पर खड़े थे...!

दरअसल दमोह जिले के मगरौन थाने के सामने चाय की गुमटी लगाकर चतरे आठ्या अपनी गुजर बसर कर रहा था, लेकिन कोविड के बाद वह दुकान भी बंद हो गई। चतरे के दो बेटा व एक बेटी हैं, पत्नी का बहुत पहले ही स्वर्गवास हो गया था। बुजुर्ग पिता को बेटी दुर्गा के विवाह की बड़ी चिंता थी, लेकिन आर्थिक स्थिति इतनी खराब थी कि दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करने में मुश्किल थी। घर में जवान बेटी को विदा करने की चिंता भी थी। इसी बीच रिश्तेदारों व सगे संबंधियों ने नजदीकी गांव में एक वर भी खोज दिया। विवाह भी तय हो गया। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बाद चतरे आठ्या की चिंता और बढ़ गई। यह जानकारी मगरोन थाना प्रभारी शिवनारायण यादव तक पहुंची। जिस पर मगरोन थाना पुलिस ने घराती की भूमिका का निर्वहन करने की जिम्मेदारी उठाई।

थाने में लगा शामियाना, एसपी ने घराती बन बारात का स्वागत किया
थाना परिसर में ही वर-माला के लिए विवाह का पंडाल सजवाया। इस कार्य में मगरोन के ग्रामीणों व पुलिस थाना मगरोन ने आमंत्रण भी छपवाए। इस विवाह समारोह की खबर पुलिस कप्तान राकेश कुमार सिंह को लगी तो उन्होंने घराती का दायित्व निभाते हुए न केवल विवाह में शामिल हुए बल्कि बारातियों का स्वागत भी किया। हटा ब्लाॅक के पुलिस अधिकारी व अनेक थाना क्षेत्र के प्रभारी इस विवाह में शामिल होकर दुर्गा को अपनी बेटी मानकर विदा किया।

पुलिस जीप में सायरन के साथ बारात लेकर पहुंचे दूल्हे राजा
जब वधु पक्ष पुलिस महकमा बना तो जनवासे से कार्यक्रम स्थल तक द्वारचार व वरमाला के लिए पुलिस जीप का भी उपयोग किया गया। जिसमें दूल्हेराजा आगे की सीट पर बैठकर हूटर से सायरन बजाती जीप में शान से थाने पहुंचे। मगरोन गांव के वरिष्ठ दम्पति खंडी सिंह व केराबाई लोधी ने कन्यादान लिया। पुलिस विभाग द्वारा घराती बनकर गरीब की बेटी का शान से विवाह कराए जाने को लेकर जिले भर में जमकर तारीफ हो रही है। पुलिस का रूप ऐसा भी हो सकता है।
शगुन में मिले रुपयों की एफडी कराएंगे
शादी ने बढ़-चढ़कर शगुन के रूप में वर-वधु को पैसे भी दिए। जिनकी राशि लगभग 20 हजार के करीब एकत्रित हुई।
जानकारी देते हुए मगरोन थाना प्रभारी शिवनारायण यादव ने बताया कि विवाह में सम्मिलित होकर आशीर्वाद स्वरुप मिले शगुन की राशि से बेटी के नाम से फिक्स डिपाजिट तैयार करके उसे गिफ्ट दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications