इंदौर: बैंक लुटेरों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़, दो लुटेरों को लगी गोली
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में पुलिस और बैंक लुटेरों के बीच रविवार की सुबह मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो लुटेरों को गोली लगी है, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाक के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पकड़ गए लुटेरों के पास से तीन लाख रुपए का कैश और दो पिस्टल बरामद हुई है। जबकि एक लुटेरा फरार हो गया। इंदौर के डीआईजी हरिनारायण चारी मिश्रा ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि फरार लुटेरा भी जल्दी ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।

जानकारी के मुताबिक, इंदौर जिले के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में 10 जुलाई की दोपहर एक्सिस बैंक में चार हथियारबंद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश हथियार लेकर बैंक में दाखिल हुए और कैशियर को धमकाकर पांच लाख रुपए लेकर फरार हो गए थे। बदमाशों ने एक मिनट में वारदात को अंजाम दिया। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई थी। सूचना के बाद आईजी, डीआईजी, क्राइम ब्रांच एडिशनल एसपी, एसपी सहित सभी बड़े पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।
बैंक में मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि बदमाश पीछे की गली से आए थे। उनके चेहरे पर मास्क लगा हुआ था। इनमें से एक के हाथ में पिस्टल थी। बैंक में घुसते ही उसने फायर जैसी पोजिशन ले ली थी। जबकि, दूसरे रुपए की तलाश में जुट गए। रुपए लेकर ये पीछे के रास्ते में खड़ी एक्टिवा लेकर फरार हो गए थे। सूचना के बाद पुलिस ने पिछले रास्ते की सर्चिंग भी की थी।
एक मिनट में दिया था लूट की घटना को अंजाम
इंदौर के आईजी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया था कि लूट में चार बदमाश शामिल हैं। लूटेरों ने कई बार यहां की रैकी की है। आने के बाद वे सीधे कैशियर के पास पहुंचे और वहां रखा रुपया उठाकर भाग निकले। यहा पूरी घटना लुटेरों ने मात्र एक मिनट में की। आरोपी बैंक के ग्राहक भी हो सकते हैं। हालांकि, सीसीटीवी में कैद आरोपियों ने मास्क लगा रखे थे, लेकिन हुलिए के साथ ही फिंगर प्रिंट मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications