गुना में जलाई गई आदिवासी महिला ने भोपाल में तोड़ा दम
गुना में जमीनी विवाद के चलते डीजल डालकर महिला को जिंदा जलाने के मामले में उपचार के दौरान हुई महिला की मौत
गुना, 9 जुलाई। गुना में जमीनी विवाद के चलते एक आदिवासी महिला पर डीजल डालकर जलाने के मामले में उपचार के दौरान आदिवासी महिला की भोपाल में मौत हो गई है। आदिवासी महिला रामप्यारी बाई 80 फ़ीसदी जल गई थी और उसका उपचार भोपाल में चल रहा था। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था।

जमीनी विवाद के चलते रामप्यारी को जला दिया गया था
धनोरिया गांव में जमीनी विवाद के चलते 2 जुलाई को रामप्यारी बाई नाम की एक आदिवासी महिला पर डीजल डालकर जला देने की घटना सामने आई थी। रामप्यारी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया था। भोपाल में उपचार के दौरान रामप्यारी बाई की मौत हो गई।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों को किया था गिरफ्तार
दिल दहलाने वाली यह घटना सामने आने के बाद पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी और 5 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया था। अब क्योंकि रामप्यारी बाई की मौत हो गई है तो एफआईआर में हत्या की धाराओं का इजाफा भी किया जाएगा।
दिग्विजय सिंह ने ने कहा-'आदिवासियों का हो रहा है शोषण'
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी मध्यप्रदेश में आदिवासियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में आदिवासियों का शोषण हो रहा है ऐसी कई घटनाएं हुई हैं जिनमें आदिवासियों की हत्या की गई है लेकिन प्रदेश की सरकार इसके प्रति गंभीर नहीं है और कांग्रेस आदिवासियों के हक की लड़ाई लड़ रही है।
कांग्रेस नेता लक्ष्मण सिंह ने कहा-'मैंने ऐसी घिनौनी हरकत नहीं देखी'
इस मामले में कांग्रेस नेता लक्ष्मण सिंह ने मीडिया से प्रेस वार्ता में कहा कि मैंने ऐसी घिनौनी हरकत आज तक नहीं देखी है, एक महिला को प्रशासन द्वारा उसकी जमीन वापस दिलाई गई लेकिन बीजेपी का सपोर्ट हासिल करके दबंगों ने महिला की जमीन जोत ली और इतना ही नहीं उस पर डीजल डालकर उसे आग लगा दी। इसके साथ ही लक्ष्मण सिंह ने ये आरोप भी लगाया कि थाने में एक पुलिसकर्मी तैनात है जो कहता है कि आप किसी की भी जमीन पर कब्जा कर लो, वह पुलिसकर्मी अभी तक थाने में तैनात हैं और उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने किया पलटवार
कांग्रेस नेता लक्ष्मण सिंह के आरोपों पर पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जब पीड़ित परिवार गांव में रहता ही नहीं तो मैं क्या खेत देखने जाऊंगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि घटना के तुरंत बाद से गुना का पुलिस प्रशासन और खुद में पीड़ित परिवार के संपर्क में हूं। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications