MP News: इस जिले में खुल गया ट्राइबल मार्ट, महिलाओं के हाथ में रहेगी कमान
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 8 मार्च को जिला पंचायत खण्डवा द्वारा ''नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम'' अंतर्गत जिले की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों का एक दिवसीय उन्मुखी कार्यक्रम किशोर कुमार सभागृह में आयोजित किया गया।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में राष्ट्रीय आजीविका मिशन जिला पंचायत खण्डवा द्वारा सपनों की उड़ान कार्यक्रम के तहत महिलाओं को ई-रिक्शा चलाने की ट्रेनिंग एवं लायसेंस प्रदान करवाकर महिलाओं को ई-रिक्शा प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में जनजातीय कार्य, लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, कोई पद ऐसा नहीं जहाँ महिलाओं ने अपना परचम ना लहराया हो। उन्होंने मातृशक्ति को प्रणाम करते हुए कहा कि एक महिला अपने जीवन में अनेक भूमिकाओं में रहती है। पारिवारिक जिम्मेदारियाँ निभाने के साथ साथ महिलाएँँ अब हर क्षेत्र में आगे हैं।
मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि सरकार निरंतर महिलाओं को आगे बढ़ाने के प्रयास कर रही है। साथ ही जिला पंचायत के नवाचार 'सपनों की उड़ान' की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को रोजगार भी मिलेगा और उनका सामाजिक उत्थान भी होगा। मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश में डी-मार्ट की तर्ज पर ट्राईबल मार्ट भी खोले जायेंगे, यह ट्राइबल मार्ट म.प्र. के मंडला, धार, शहडोल एवं खण्डवा जिले में खोले जायेंगे। उन्होंने कहा कि खण्डवा जिले में यह ट्राईबल मार्ट खालवा में खोला जायेगा जो पूर्ण रूप से महिलाओं द्वारा संचालित होगा।
कार्यक्रम में उपस्थितजनों ने मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं खण्डवा जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी का वर्चुअली संदेश देखा एवं सुना। संदेश में उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ दी।
उन्होंने कहा कि, नारी की जहाँँ पूजा होती है वहां देवता निवास करते हैं, इसलिए नारी का सदैव सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं के समुचित विकास एवं सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति हर क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रही है एवं आने वाले समय में उच्चतम कीर्तिमान स्थापित करेगी।
कार्यक्रम में खण्डवा विधायक कंचन तनवे ने संबोधित करते हुए कहा कि, महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने युद्ध के मैदान में अंग्रेजों से लोहा लिया और अपने बेटे को पीठ पर बांधकर लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि सावित्री बाई फूले ने बहनों के लिए स्कूल खोला और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से कहा कि हर क्षेत्र में ऐसा आगे बढ़ो की अपने शहर व देश का नाम रोशन हो। विधायक तनवे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं को मजबूत और सशक्त बनाया है, चाहे वह शिक्षा का क्षेत्र हो या राजनीतिक क्षेत्र हो।
कार्यक्रम में मांधाता विधायक नारायण पटेल ने कहा कि, विश्व व पूरे देश में आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, सरकार की मंशा है कि महिलाएं भी हर क्षेत्र में आगे बढ़े एवं हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी रहे।
कार्यक्रम में पंधाना विधायक श्रीमती छाया मोरे ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नारी हर वर्ग में आगे बढ़ रही है और बदलाव लाने में सक्षम है। सरकार मातृशक्ति के प्रति संवेदनशील है और लगातार उनके उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने अधिकारों की जानकारी रखें एवं उनका उपयोग करें।
कार्यक्रम में महापौर अमृता यादव ने कहा कि, जिन महिलाओं को जनप्रतिनिधि का दायित्व मिला है वे उसे अच्छे से निभाएं। उन्होंने कहा कि सभी महिलाओं को अपने अधिकारों की जानकारी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्म ऐसा करो कि अगली बार हमें फिर से मौका मिले। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी शक्ति को पहचानने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि, हमें देवी अहिल्याबाई के जीवन को पढ़ना चाहिए जिससे हमे उनसे प्रेरणा मिल सके। उन्होंने कहा कि महिलाएं कुछ ठान लेती है तो उसे करके दिखाती है।
ये भी पढ़े- MP News: किसानों का जीवन बदलेगी ये कंपनी, काबुली चने से होगी बंपर कमाई












Click it and Unblock the Notifications