शिवपुरी: सिंधिया के प्रयास से माधव पार्क फिर होगा गुलजार, NTCA ने बाघ-बाघिन बसाने की दी अनुमति
शिवपुरी, 31 अगस्त। शिवपुरी जिले में स्थित माधव नेशनल पार्क में बाघों को फिर से बसाया जाएगा। इसकी अनुमति राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) ने दे दी है। जानकारी के मुताबिक एनटीसीए की तरफ से अभी पार्क में सिर्फ पांच बाघ-बाघिन बसाने की अनुमति दी गई है। इन्हें चरणबद्ध तरीके से पुनर्स्थापित किया जाएगा। पहले चरण में बांधवगढ़, पेंच या कान्हा टाइगर रिजर्व से एक बाघ-बाघिन को माधव नेशनल पार्क में छोड़ा जाएगा।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने दी बाघों को बसाने की जानकारी
माधव नेशनल पार्क में बाघों को फिर बसाने की जानकारी केंद्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दी। उन्होंने इसके लिए ट्वीट कर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव का आभार व्यक्त किया। आपको बता दें कि माधव नेशनल पार्क में बाघों को फिर से बसाया जा सके इसके लिए सिंधिया दो माह से मांग कर रहे थे। सिंधिया की मांग पर वन्यप्राणी मुख्यालय ने दो माह पहले यह प्रस्ताव वन मंत्रालय का भेजा था।
माधव नेशनल पार्क में 1988 में शुरू की गई थी टाइगर सफारी
माधव नेशनल पार्क 375 वर्ग किलोमीटर में फैला है। यहां वर्ष 1988 में टाइगर सफारी शुरू की गई थी, जो 1995 तक चली। फिर पार्क में खाने का संकट (शाकाहारी वन्यप्राणियों की संख्या कम होने) पैदा हो गया। इसके चलते सफारी खत्म की गई और वन विहार नेशनल पार्क से बाघिन तारा और बाघ पेटू को माधव पार्क में छोड़ दिया गया था। हालांकि, शिवपुरी से मांस मंगाकर उन्हें देना पड़ता था। इस बाघ की मौत के बाद से पार्क खाली था।
ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में इन पदों पर निकली शानदार सरकारी नौकरी, आवेदन के बस 2 दिन बाकी












Click it and Unblock the Notifications