मध्य प्रदेश में दर्दनाक हादसा, गुना में गहरे गड्ढ़े में डूबने से सात बच्चों की मौत
गुना। मध्य प्रदेश के गुना में एक दर्दनाक हादसे में सात बच्चों की जान चली गई। खदान के गहरे गड्ढ़े में बरसात का पानी भरा था जिसमें एक-एक करके सातों बच्चे डूबते चले गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बरसात में गड्ढ़ा बना पोखर
मध्य प्रदेश में गुना के पिपरोदाखुर्द में यह दर्दनाक हादसा हुआ। यहां खदान के एक बड़े गड्ढ़े में बरसात का पानी भर गया था। पहले एक बच्चा उस पानी में नहाने के लिए उतरा।
वह डूबने लगा तो उसे बचाने के लिए बाकी छह बच्चे एक-एक करके गड्ढ़े में उतरे और सभी डूब गए। बच्चों की उम्र 11 से 14 साल के बीच बताई जा रही है।
जब तक ग्रामीण आए, देर हो चुकी थी
बच्चों को गड्ढ़े में डूबते देखकर कुछ बच्चों ने गांव जाकर लोगों को इस घटना की खबर दी। जब तक ग्रामीण दौड़कर आए तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सभी बच्चों को बचाने की कोशिश की गई लेकिन गड्ढ़े से निकालते-निकालते सातों की मौत हो गई।
इस मामले में केस दर्ज
पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। बच्चों का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
ग्रामीणों में अवैध खनन को लेकर गुस्सा
गुना के पिपरोदाखुर्द इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा इस हादसे के बाद भड़क उठा। प्रशासन ने उनको आश्वासन दिया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications