दिग्विजय के वफादार MLA को बीजेपी में शामिल करने की स्क्रिप्ट तैयार, रामनिवास को ज्वॉइन कराएंगे CM मोहन यादव
Ramniwas Rawat News: लोकसभा चुनावों के बीच मध्य प्रदेश कांग्रेस को एक के बाद एक झटका लग रहे हैं। इसी बीच अब एक और बड़ा उलटफेर होने जा रहा है।
मध्य प्रदेश की राजनीति में अपना एक अलग मुकाम रखने वाले और कांग्रेस के कद्दावर नेता, विधायक भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने वाले हैं।

जी हां, हम बात कर रहे हैं ग्वालियर चंबल के उस नेता की, जिन्हें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का खास माना जाता है और ग्वालियर चंबल में अलग मुकाम रखते हैं। अब वह कांग्रेस के साथ अपनी पारी को विराम लगाने जा रहे हैं।
श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा से कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत आखिरकारो मंगलवार को कांग्रेस को अलविदा कहकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो जाएंगे। उनके भाजपा में स्वागत के लिए पूरी स्क्रिप्ट और प्लान तैयार कर लिया गया है। उन्हें मुख्यमंत्री मोहन यादव बीजेपी में शामिल कराएंगे।
रामनिवास विजयपुर सीट से 6 बार के विधायक हैं। वहीं पूर्व में कांग्रेस से ही सांसदी का चुनाव भी पूर्व केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के सामने लड़ चुके हैं। प्रदेश की राजनीति में अपना दबदबा बनाने वाले रामनिवास ओबीसी नेता के रूप में बड़ा चेहरा हैं, और वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
विधायक रामनिवास रावत की नाराजगी का मुख्य कारण कांग्रेस आलाकमान द्वारा उनकी अनदेखी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ना बनाया जाना भी माना जा रहा है। रामनिवास रावत के भारतीय जनता पार्टी में जाने की खबरों ने विजयपुर से लेकर श्योपुर तक के भाजपा और कांग्रेस नेताओं में खलबली मचा दी है। क्योंकि उनके जाने के बाद लोकसभा चुनाव में नए समीकरणों का बनना तय माना जा रहा है।
मुरैना-श्योपुर लोकसभा में भी कांग्रेस के कद्दावर नेता और विजयपुर विधायक रामनिवास रावत भाजपा में आने वाले हैं। जिनके आगमन को लेकर भाजपा ने पूरी तैयारी कर ली है। सूत्रों की माने तो प्रदेश भाजपा कार्यालय से एक फरमान जिला संगठन को भी मिल गया है। जिसमें श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा के मंडी प्रांगण में होने वाली सभा में रामनिवास भाजपा में शामिल हो जायेंगे, जो मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के साथ ही हेलीकाॅप्टर में यहां पहुंचेंगे। उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीडी शर्मा, पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा एवं विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
विजयपुर से कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत का कांग्रेस छोडकर भारतीय जनता पार्टी में जाने की बातें तो बीते एक महीने से आग की तरह फैल रही है। लेकिन उनके जाने की स्क्रिप्ट फाइनल एंडिंग तक नहीं पहुंच सकी। परंतु अब लगभग यह पूरी पटकथा लिखी जा चुकी हैं। रामनिवास रावत की नाराजगी का एक बडा कारण इस सीट से नीटू सिकरवार को टिकट देना भी है। क्योंकि वे कांग्रेस से स्वयं सांसदी का चुनाव लडना चाहते थे, लेकिन उन्हें पार्टी ने अनदेखा कर दिया। इसके साथ ही कांग्रेस हाईकमान ने भी उन्हें मनाने की कोशिश की, लेकिन वे पूरी तरह कांग्रेस से मोह भंग कर चुके थे और आखिरकार कल मंगलवार को वे भाजपा के खेमे में शामिल हो जायेंगे।












Click it and Unblock the Notifications