'अगली बार रोका तो कुचल दूंगा...', रेत माफिया ने तहसीलदार की गाड़ी पर चढ़ाई ट्रैक्टर ट्रॉली
Rajgarh News: मध्यप्रदेश के राजगढ़ में रेत माफियाओं के दुस्साहस का मामला सामने आया है। ड्यूटी पर तैनात राजस्व विभाग के एक अधिकारी को बालू माफिया ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलने का प्रयास किया है। इस हमले में अधिकारी बाल बाल बच गया है।
जानकारी मुताबिक अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने अधिकारी के वाहन को टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

लिमोचोहन थाने के प्रभारी अनिल राहोरिया के अनुसार शुक्रवार को संडावता-सारंगपुर रोड पर हुई इस घटना के बाद पुलिस ने भगवान सिंह पाल, पवन भिलाला और नीरज भिलाला के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
घटना शुक्रवार दोपहर 12 बजे की है। संडावता टप्पा में पदस्थ नायब तहसीलदार कार्यालय जाने के लिए संडावता सारंगपुर मार्ग पर पहुंचे थे। इसी बीच उनको रेत से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली नजर आई। उन्होंने ट्रैक्टर ड्राइवर से पूछा कि वह रेत को कहां लेकर जा रहा है। इस पर आरोपी गुस्सा हो गया। उसने लोडेड ट्रैक्टर ट्राली से अधिकारी के वाहन को टक्कर मारकर आगे बढ़ गया। इससे तहसीलदार की गाड़ी का कांच टूट गया। वारदात को अंजाम देने के बाद कच्चे रास्ते से ट्रैक्टर चालक फरार हो गया।
शिकायतकर्ता नायब तहसीलदार सुरेश सिंह के अनुसार पाल ने इससे पहले 8 अगस्त को उन्हें फोन पर अवैध रूप से खनन की गई रेत जब्त करने के लिए उन्हें ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे कुचलने की धमकी दी थी।
लिमोचोहन थाने के प्रभारी अनिल राहोरिया ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है और प्राथमिकी में नामजद तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं शिकायतकर्ता नायब तहसीलदार सुरेश सिंह के अनुसार उन्होंने शुक्रवार को सारंगपुर के उपमंडल दंडाधिकारी को घटना के बारे में रिपोर्ट सौंप दी है।












Click it and Unblock the Notifications