Sagar: गढ़ाकोटा में कांग्रेस, आप प्रत्याशियों को नामांकन भरने से रोका, विधायक से झूमाझटकी
सागर, 12 सितंबर। मप्र के सागर जिले की गढ़ाकोटा नगर पालिका चुनाव के नामांकन जमा करने के आखिरी दिन कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बवाल हो गया। फाॅर्म जमा करने और उन्हें रोकने के लिए दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं में नौबत मारपीट तक आ गई। मामले की सूचना मिलने पर बंडा विधायक तरबर सिंह लोधी व कांग्रेस नेता मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को जमकर गाली-गलौज करते हुए झूमाझटकी कर दी। पुलिस की मौजूदगी में हुई इस झड़प के दौरान विधायक तरबर सिंह व कांग्रेस नेताओं से भी झूमाझटकी के आरोप लगाए जा रहे हैं। बता दें कि गढ़ाकोटा प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव का गृहनगर है।

मप्र के सागर जिले में गढ़ाकोटा, खुरई नगर पालिका और कर्रापुर नगर पंचायत परिषद में चुनाव कराए जा रहे हैं। सोमवार को पार्षद के नामांकन जमा करने की आखिरी तारीख थी। गढ़ाकोटा में कांग्रेस से नामांकन जमा करने जा रहे अभ्यर्थियों को भाजपा के कार्यकर्ताओं ने तहसील कार्यालय में जाने से रोकने के आरोप लग रहे हैं। इस दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं और नामांकन जमा करने गए कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच जमकर झड़प हो गई, भीड़ में लात-घूंसे भी चले। मामले की जानकारी लगते ही बंडा से कांग्रेस विधायक तरबर सिंह लोधी, गढ़ाकोटा के कांग्रेस नेता कमलेश साहू सहित अन्य नेता मौके पर पहुंच गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्या बताई। कांग्रेस नेताओं के सामने तहसील परिसर इलाके में एक बार फिर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। विधायक तरबर सिंह लोधी, नेता कमलेश साहू, भारी पुलिसबल की मौजूदगी में एक बार फिर कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।

कलेक्टर-एसपी मौके पर पहुंचे, व्यवस्था संभाली
गढ़ाकोटा में नामांकन के दौरान बवाल की जानकारी लगते ही कलेक्टर दीपक आर्य, एसपी तरुण नायक सागर से गढ़ाकोटा पहुंच गए। उन्होंने तहसील कार्यालय व आसपास के इलाके में पुलिस बल तैनात कराया। इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया, उसके बाद उन्होंने नामांकन जमा कराए। शाम तक इलाके में भारी पुलिसबल तैनात था। गढ़ाकोटा के मुख्य बाजार से लेकर तहसील कार्यालय तक देर शाम तक पुलिस ने इलाके को बना रखा था।

आम आदमी पार्टी के नामांकन फार्म फाड़कर फैंक दिए थे
आम आदमी पार्टी के राहुल दुबे दो अन्य प्रत्याशियों के साथ तहसील दफ्तर में फाॅर्म भरने आए थे। राहुल ने बताया कि
भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमसे मारपीट की, हमारे फाॅर्म छीनकर फाड़ दिए। जब विरोध जताया तो मारपीट करने लगे। एक प्रत्याशी के अनुसार उसका गला तक दबाने पर भाजपा कार्यकर्ता आमादा हो गए थे। बाद में जब कलेक्टर मौके पर आए, उनको सारा घटनाक्रम बताया तो उन्होंने हमें दूसरे फार्म दिलाए तब हम लोग फार्म भर सके।
गढ़कोटा में ऐसी कायरता और छोटी मानसिकता कहीं और नहीं देखी
हमारे प्रत्याशी अमित कोरी को घर से उठा लिया गया, उसके साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने मारपीट की, कांग्रेस नेता कमलेश साहू ने पहुंचकर उसे बचाया और उसे नामांकन भरने लेकर आए थे। मंत्री की शह पर उसे यहां फिर से पकड़ने की कोशिश की गई। हमारे सामने ही मारपीट पर आमादा थे। ये सब गोपाल भार्गव के इशारे पर हो रहा है। आचार संहिता और लोकतंत्र का पुलिस की मौजूदगी में धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। मंत्री के गुंडे हमारे प्रत्याशियों को जान से मारने की धमकी देकर गए हैं। ऐसी कायरता और छोटी मानसिकता मैंने कहीं नहीं देखी। हार-जीत का फैसला तो बाद में होगा, हमें फार्म तो डालने दिए जाएं।
- तरबर सिंह लोधी, कांग्रेस विधायक, बंडा, सगार












Click it and Unblock the Notifications