Sagar: कैंट बोर्ड का तीसरी बार बढ़ा कार्यकाल, चुनाव कराने हाईकोर्ट में याचिका
सागर, 10 अगस्त। केंद्र सरकार ने मप्र के सागर सहित देशभर में 56 कैंट बोर्ड का कार्यकाल आगामी छह महीनों के लिए बढ़ा दिया है। यह तीसरी बार है जब कार्यकाल बढ़ाया गया है। इधर कैंट बोर्ड में कार्यकाल बढ़ने से चुनाव लड़कर सदस्य बनने की उम्मीद लगाए लोग व पुराने जनप्रतिनिधि हाई कोर्ट की शरण में पहुंच गए हैं।

भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय ने सागर कैंट बोर्ड का कार्यकाल तीसरी बार बढ़ाया है। यह आदेश छह महीने के लिए प्रभावी किया गया है। बता दें कि बुधवार को कैंट बोर्ड का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा था, जिसके एक दिन पूर्व रक्षा मंत्रालय से आदेश जारी कर दिया गया है। हालांकि पूर्व में जब दो दफा कार्यकाल बढाया गया था तो उस समय छावनी बोर्ड से जुड़े पूर्व सदस्य चुनाव कराने को लेकर हाईकोर्ट की शरण में गए थे। हालांकि इस पर फिलहाल सुनवाई चल रही है। जनप्रतिनिधियों का तर्क है कि दो दफा कार्यकाल बढ़ चुका है, अब तीसरी दफा फिर कार्यकाल बढ़ने से विकास के काम ठप हो जाते हैं।
दो साल पहले हुआ था आरक्षण
कैंट बोर्ड में चुनाव कराने की सुगबुगाहट दो साल पहले ही प्रारंभ हो गई थी। साल 2020 में कैंट इलाके के वार्डों का आरक्षण किया गया था। इसमें लाटरी सिस्टम से वार्ड आरक्षित हुए थे। कुल 7 वार्डों में से 3 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए थे। उस समय जल्द ही चुनाव कराने की बात सामने आई थी, लेकिन रक्षा मंत्रालय व निर्वाचन आयोग ने इस पर आगे कदम ही नहीं बढ़ाया।












Click it and Unblock the Notifications