MP News: मांडू घूमने आए यूरेशियन समूह के प्रतिनिधि, जहाज महल में कुछ ऐसा देख चौंके
यूरेशियन समूह की पांच दिवसीय 41वीं प्लेनरी बैठक में भाग लेने इंदौर आये विदेशी मेहमान बुधवार को धार जिले के विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल माण्डू पहुंचे। माण्डू में विदेशी मेहमानों का भारतीय परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
विदेशी मेहमान माण्डू के जहाज़ महल सहित अन्य ऐतिहासिक धरोहरों को देख कर अभिभूत हुए। मेहमानो ने यहाँ लाइट एंड साउंड शो को भी रुचिपूर्वक देखा और सराहना की। डेलिगेट्स ने माण्डू की स्मृतियों को कैमरे में भी कैद किया। भ्रमण के दौरान भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव विवेक अग्रवाल, इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह, धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा भी मौजूद थे।

इंदौर में 41वीं ईएजी प्लेनरी बैठक का गरिमामय शुभारंभ हुआ। वेलकम सेशन में EAG के अध्यक्ष एवं विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में मध्य प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और सांसद शंकर लालवानी शामिल हुए। भारतीय प्रतिनिधिमंडल के HOD विवेक अग्रवाल ने बैठक के उद्देश्यों से अवगत कराया। उन्होंने आयोजक संस्था की ओर से स्वागत भाषण देते हुए कहा कि देश के लिए यह गर्व का विषय है कि यह महत्वपूर्ण बैठक इंदौर में आयोजित हो रही है।
उन्होंने इंदौर को जीवंत संस्कृति का शहर बताया और कहा कि, यह भारत देश को प्रतिबिंबित करता है। यह शहर देवी अहिल्या जो कि एक न्यायप्रिय रानी थी, के पुण्य और प्रताप का शहर है। उनकी दूरदृष्टि से इन्दौर एक ऐसा शहर बना जिसने वाणिज्य व्यापार में भी अपना स्थान बनाया।
कलेक्टर आशीष सिंह ने प्रशासन की ओर से स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि, इन्दौर शहर अपनी गर्मजोशी और सेवाभाव के साथ आतिथ्य सत्कार के लिए जाना जाता है। प्रशासन सदैव मेहमानों की सेवा के लिए तत्पर रहेगा। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने प्रथम नागरिक की भूमिका के तौर पर सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि, यह गर्व की बात है कि देश के सबसे स्वच्छ शहर में यह आयोजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन्दौर का यह आयोजन न केवल विभिन्न मस्तिष्कों का मेल है अपितु आतंकवाद के वित्तपोषण जैसी चुनौतियों के लिए यहाँ किया गया बौद्धिक विमर्श विश्व में आतंकवाद के प्रसारण को रोकने में सहायक सिद्ध होगा।
महापौर भार्गव ने कहा कि, इन्दौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता को साकार रूप दिया है। इंदौर ने कई बार स्वच्छता में अपना परचम लहराया है। उन्होंने कहा कि, मध्य प्रदेश हृदय है तो इंदौर इसकी हृदय गति है। इंदौर जन सहभागिता के क्षेत्र में भी मशाल लेकर सबसे आगे चल रहा है और हम हरित ऊर्जा के लिए भी उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं।
ये भी पढ़े- Indore News: एक ही रात में पुलिस ने ली 1 हजार से ज्यादा बदमाशों की खबर, अब इनकी है बारी












Click it and Unblock the Notifications