Rajgarh News: किराना व्यापारी के घर में लाखों की चोरी, चोरों ने मैगी बनाई और खाई व बर्तन भी धोएं
राजगढ़ जिले में एक किराना व्यापारी के घर में लाखों रुपये की चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने एक सजीव तरीके से योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया।
चोर पहले व्यापारी के घर की छत पर चढ़े और लिफ्ट के लिए छोड़ी गई जगह में बल्ली फंसाकर नल की पाइपलाइन के सहारे 20 फीट नीचे उतरे। घर से चोर 30 तोला सोना, 1 किलो चांदी और ढाई लाख रुपये कैश लेकर फरार हो गए।

चोरों ने चोरी के दौरान करीब 30 घंटे तक घर की लाइट बंद रखी, जिससे सीसीटीवी कैमरों में घटना रिकॉर्ड नहीं हो सकी। चोरों ने घर पर मैगी बनाकर खाई और बर्तन भी धोकर साफ-सफाई की।
टीआई वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि यह घटना रमेश गुप्ता (60) के मकान में हुई। गुप्ता राजगढ़ के एक बड़े किराना व्यापारी हैं। 21 अगस्त को शाम 6 बजे गुप्ता परिवार तीर्थ यात्रा पर निकला था। उनके साथ पत्नी सुमित्रा गुप्ता (57), बेटा विनोद (37), अभिषेक (27), बहू रानू (34), अंजलि (25), पोती नृत्या (7), पोता कान्हा (9 माह), बेटी रचना (28) और दामाद सुदर्शन गुप्ता (30) भी थे।
परिवार ने ओरछा, अयोध्या, काशी, प्रयागराज और बागेश्वर धाम की यात्रा की और चार दिन बाद रविवार रात करीब 11 बजे घर लौटा। घर पर ताला जस का तस लटका हुआ था। ताला खोलकर परिवार भीतर दाखिल हुआ और दूसरी मंजिल पर जाकर चोरी का पता चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश जारी है।

चोरों ने छोड़ी चिल्लर और खाली ज्वेलरी बॉक्स
गुप्ता की छोटी बहू अंजलि ने बताया कि जब वह घर में दाखिल हुई, तो घर के सामान को अस्त-व्यस्त देखकर उसे चोरी की आशंका हुई। अंजलि ने तत्काल दूसरी मंजिल पर जाकर बेडरूम में देखा, जहां पलंग पर कुछ चिल्लर और ज्वेलरी के खाली बॉक्स पड़े हुए थे। जब उसने अलमारी खोलकर देखा तो पाया कि 30 तोला सोना और 1 किलो चांदी के जेवर गायब थे। इसके बाद उसने सासू मां के बेडरूम में जाकर उनकी आलमारी चेक की, तो वहां से ढाई लाख रुपये गायब थे।

अंजलि ने तुरंत इस बारे में ससुर जी को सूचित किया, जिन्होंने रात करीब 12 बजे राजगढ़ पुलिस को सूचना दी। कोतवाली थाना प्रभारी वीर सिंह ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलवाया।
पीड़ित परिवार ने बताया कि चोर मकान में मेन गेट से नहीं आए। वे छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। छत पर एक गेट था जिसे तोड़कर, उन्होंने लिफ्ट के लिए छोड़ी गई जगह में बल्ली फंसाई और पानी के पाइप के सहारे करीब 20 फीट नीचे उतरकर घर में प्रवेश किया। उन्होंने दूसरी मंजिल के हॉल में रखे बॉक्स से आलमारी की चाबी प्राप्त की और उस लॉकर को खोल लिया। दूसरे लॉकर का लॉक तोड़कर उन्होंने जेवर और नकदी चुरा ली।
अंजलि ने बताया कि घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, लेकिन चोरों ने घर की रैकी की थी। चोरी के पहले उन्होंने मकान की लाइटें बंद कर दीं ताकि कैमरे उनकी गतिविधियों को रिकॉर्ड न कर सकें। चोरों ने किचन में रखी मैगी बनाकर खाई और खाने के बाद बर्तन भी धो दिए। इसके अलावा, उन्होंने बीड़ी भी पी और घर में ही फेंक दी।












Click it and Unblock the Notifications