लव मैरिज की सजा: परिवार से जान को खतरा, UP की साक्षी मिश्रा के बाद MP की रागिनी का वीडियो वायरल
पन्ना। उत्तरप्रदेश के बरेली से बीजेपी विधायक राजेश मिश्रा के बेटी साक्षी मिश्रा की शादी को लेकर मचे बवाल के बाद अब मध्यप्रदेश की इस बेटी ने सुरक्षा की गुहार लगाई है। ताजा मामला पन्ना के पवई ग्राम सिमरिया की रहने वाली बीएससी सेकंड ईयर की छात्रा रागिनी द्विवेदी और दीनदयाल कुशवाह का है।

दोनों ने घर से भागकर 11 जुलाई 2019 को भोपाल के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली और अब सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर पुलिस से सुरक्षा देने की गुहार लगाई है। दोनों ने इंटरकास्ट मैरिज की है। दरअसल, रागिनी पन्ना जिले के सिमरिया गांव की रहने वाली है और युवक दीनदयाल कुशवाहा भी उसी गांव का है। दोनों के बीच लम्बे समय से प्रेम संबंध थे।

अब जबलपुर में ली शरण
रागिनी का कहना है कि उसके पिता पन्ना जिले के सिमरिया गांव में एक बड़े किसान हैं। युवक दीनदयाल कुशवाहा भी उसी गांव का रहने वाला है। दोनों ने अपनी मर्जी से शादी की है, लेकिन शादी के बाद उसके परिजन उन्हें फोन पर धमकी दे रहे हैं। धमकियों के कारण पिछले 10 दिन से वो दिल्ली मथुरा, भोपाल और दूसरे कई शहरों छुपते फिर रहे हैं। अब उन्होंने जबलपुर में शरण ली है और वो चाहते हैं कि उनके परिजन उन्हें स्वतंत्र होकर जीने दे।

शादी के सबूत किए शेयर
गौरतलब है कि लड़की ने 11 जुलाई को भोपाल स्थित आर्य समाज मंदिर में शादी की है। दोनों ने शादी के प्रमाण पत्र और फोटोग्राफ्स भी मीडिया में शेयर किए हैं। हालांकि लड़की के परिजनों का कहना है कि वो अपनी इच्छा के बारे में एक बार बताती। अब हम लोगों को कोई ऐतराज नहीं है। लड़की के पति दीनदयाल कुशवाहा का कहना है कि इन लोगों ने हमारे परिवारजनों से भी मारपीट की है। वो लोग दहशत में जी रहे हैं।

अनिल दीक्षित का नाम आया सामने
बरेली की साक्षी के वीडियो में परिवार के साथ-साथ राजीव नाम के शख्स का नाम सामने आया था कि अब रागिनी ने अपने वीडियो में परिवार व किसी अनिल दीक्षित नामक व्यक्ति से जान का खतरा बताया है।












Click it and Unblock the Notifications