MP News: समर्थन मूल्य पर मूंग और उड़द की कैसे होगी खरीदी, जानिए कब से शुरू होगा पंजीयन; CM ने दी जानकारी
MP News: मध्य प्रदेश में मूंग और उड़द के किसानों को लंबे समय से जिस फैसले का इंतजार था, आखिरकार राज्य सरकार ने उस पर बड़ा ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गुरुवार को ऐलान किया कि राज्य सरकार किसानों से मूंग और उड़द की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर करेगी। इसके लिए पंजीयन प्रक्रिया 19 जून से शुरू होगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए इस निर्णय की जानकारी साझा करते हुए कहा,"मूंग और उड़द उत्पादक किसान भाई-बहन 19 जून से शुरू हो रहे पंजीयन में भाग लें। हमारी सरकार किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।"

सीएम ने बताया कि इस मुद्दे पर उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से चर्चा की है और राज्य सरकार की ओर से केंद्र को प्रस्ताव भेजा गया है, जिससे समर्थन मूल्य पर खरीदी की प्रक्रिया को मंजूरी मिल सके।
बाजार में गिरी कीमतें, समर्थन मूल्य पर नहीं हो रही थी खरीदी
गौरतलब है कि इस साल केंद्र सरकार ने मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य 8768 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। लेकिन फिलहाल प्रदेश की मंडियों में मूंग मात्र 5000 से 5500 रुपए प्रति क्विंटल में बिक रही है। किसानों को समर्थन मूल्य से करीब 3000 रुपए प्रति क्विंटल कम भाव मिल रहे हैं।
इस कारण प्रदेशभर में किसानों में भारी नाराजगी देखी जा रही थी। कई स्थानों पर किसानों ने विरोध प्रदर्शन, नारेबाजी, यहां तक कि जल सत्याग्रह तक किया।
मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, छतरपुर और सागर जैसे जिलों में किसान संगठनों ने चेतावनी दी थी कि अगर जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
किसानों ने बताया- "खर्च भी नहीं निकल रहा"
किसानों का कहना है कि एक एकड़ में मूंग उगाने पर औसतन 7 से 8 हजार रुपए प्रति क्विंटल का खर्च आता है, लेकिन मौजूदा बाजार भाव में उन्हें लागत भी नहीं मिल रही। पिछले साल जहां खुले बाजार में मूंग का भाव 8000 रुपए से ऊपर पहुंचा था, वहीं इस बार खरीदी केंद्र चालू नहीं होने से व्यापारी मनमानी कर रहे हैं।
'कक्काजी' ने सरकार को दिया था अल्टीमेटम
राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा 'कक्काजी' ने चेतावनी दी थी कि अगर सरकार ने जल्द मूंग-उड़द की खरीदी शुरू नहीं की, तो किसान आंदोलन को मजबूर होंगे।
उन्होंने कहा था,"सरकारी खरीदी नहीं होने से किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। मंडियों में उन्हें मजबूरी में औने-पौने दाम पर फसल बेचनी पड़ रही है। सरकार को 3 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है, इसके बाद आंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी।"
अब किसानों को उम्मीद - समर्थन मूल्य पर मिलेगा फसल का दाम
सीएम मोहन यादव की घोषणा के बाद किसानों को राहत की उम्मीद है। पंजीयन प्रक्रिया के तहत किसानों को अपना नाम, बैंक खाता, भूमि विवरण और फसल की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल या CSC केंद्रों पर दर्ज कराना होगा। इस घोषणा के साथ ही राज्य सरकार ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में मूंग और उड़द जैसी अन्य खरीफ फसलों की भी समर्थन मूल्य पर खरीदी के प्रबंध किए जाएंगे।
किसानों को कैसे मिलेगा लाभ?
पंजीयन के बाद किसानों की मूंग और उड़द की फसल को समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। इससे न केवल किसानों को उनकी लागत की भरपाई होगी, बल्कि उन्हें उचित मुनाफा भी मिलेगा। यह कदम मध्य प्रदेश के उन लाखों किसानों के लिए राहत भरा है, जो मूंग और उड़द की खेती पर निर्भर हैं।












Click it and Unblock the Notifications