आदिवासियों का सम्मान और विकास है हमारी गारंटी, झाबुआ में पीएम मोदी ने कहा
MP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झाबुआ में आज जनजातीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि विकास के रास्ते पर मध्यप्रदेश तेजी से दौड़ रहा है। पहले यह देश के सबसे बीमारू राज्य में गिना जाता था। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की सरकार ने पहली बार जनजातीय समाज के लिए नया मंत्रालय बनाया और बजट का विशेष प्रावधान किया।
इतना ही नहीं, पीएम मोदी ने कहा कि अटल जी ने जनजातीय इलाकों और जनजातीय लोगों के विकास को प्राथमिकता दी। इस दौरान उन्होंने आगे कहा कि केन्द्र सरकार ने वन उपज पर न्यूनतम समर्थन मूल्य में रिकॉर्ड वृद्धि की। एमएसपी के दायरे में आने वाली वन उपज को 10 से बढ़ाकर 90 तक पहुंचा दिया।

देश में वन धन केंद्र खोले ताकि जनजातीय उत्पादों को नए हाट व नए बाजार मिल सकें। जनजातीय समाज देश का गौरव है और देश के उज्जवल भविष्य की गारंटी है। जनजातीय लोगों का सम्मान और विकास हमारी गारंटी है। उनके सपने साकार करना सरकार का संकल्प है। इस दौरान पीएम ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का फैसला सरकार ने लिया।
टंट्या मामा के बलिदान को याद कर आज बलिदान दिवस मनाया जाता है और उन्हीं के नाम पर क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय की घोषणा की जा रही है। पीएम मोदी ने जनजातीय समाज के गौरव तिलका मांझी को याद करते हुए कहा कि उन्होने 1784 में बिहार के भागलपुर के कमिश्नर को तीर से मार दिया था। आज ऐसे वीर पुरुष की जन्म जयंती है।
झाबुआ, रतलाम, खरगोन, धार और आसपास के युवाओं की उच्च शिक्षा आसान होगी। जनजातीय विद्यार्थियों के लिए पूरे देश में एकलव्य आवासीय स्कूल आरंभ किया जा रहे हैं। जनजातीय बच्चे शिक्षा के अभाव में पीछे रह जाए, यह सरकार को स्वीकार नहीं है। पीएम मोदी ने कहा कि जनजातीय समाज हजारों सालों से वन संपदा से अपनी रोजी-रोटी चला रहा है।
पिछली सरकार ने जनजातीय लोगों के अधिकार पर कानूनी पहरे लगा दिए थे। वन संपदा कानून में बदलाव कर केन्द्र सरकार ने जनजातीय समाज को वन भूमि से जुड़े अधिकार लौटाए हैं। उन्होने कहा कि जनजातीय परिवारों में सिकल सेल एनीमिया हर वर्ष कई लोगों की जान ले रहा था। केन्द्र की सरकार ने सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन के लिए अभियान शुरू किया।
सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है कि जनजातीय समाज अब विकास की दौड़ में लगातार आगे बढ़ रहा है। स्वामित्व योजना के माध्यम से 1 लाख 75 हजार लोगों को स्वामित्व अधिकार पत्र दिए गए हैं। यह केवल अधिकार पत्र नहीं अपितु आपकी जिंदगी में सुरक्षा पत्र भी हैं। यह सुरक्षा की गारंटी का पत्र है। परिवारों को भूमि विवादों और सूदखोरों से सुरक्षा मिलेगी।
यह योजना गांव-गरीब को कई मुसीबतों से बचाएगी। इतना ही नहीं, पीएम ने कहा कि जो सबसे वंचित और सबसे पिछड़ा है, वही हमारी सरकार के लिए सबसे पहली प्राथमिकता है। सबसे पिछड़े जनजातीय समूह के लिए पीएम जनमन योजना आरंभ की है। इसका लाभ मध्यप्रदेश के बैगा, भारिया और सहरिया जैसे जनजाति समूह को होने वाला है। जनजातीय जिलों में पीएम जन मन योजना में हजारों करोड़ के कार्य कराए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications