कराहल में आयोजित महिला स्व-सहायता समूहों के सम्मेलन में शामिल हुए पीएम नरेंद्र मोदी
श्योपुर के कराहल में आयोजित स्व सहायता समूहों के सम्मेलन में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी
श्योपुर, 17 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को श्योपुर के कराहल में आयोजित महिला स्व सहायता समूह के सम्मेलन में शामिल होने के लिए पहुंचे। यहां उन्होंने महिला स्व सहायता समूह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अपने उद्बोधन में अपनी मां को याद किया। प्रधानमंत्री का भाषण महिला शक्ति पर पूरी तरह केंद्रित रहा। इसके अलावा सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों के बारे में भी प्रधानमंत्री ने जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां पर चार कौशल केंद्रों का लोकार्पण भी किया।

कूनो नेशनल पार्क के बाद कराहल पहुंचे थे प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से लाए गए चीतों को छोड़ा। इसके बाद वे सीधे कराहल पहुंचे। यहां स्व सहायता समूह का सम्मेलन आयोजित किया गया था। स्व सहायता समूह के सम्मेलन में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में स्व सहायता समूह द्वारा सांगितिक प्रस्तुति दी गई। मंच पर प्रधानमंत्री के साथ मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल, केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान समेत केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत अन्य जनप्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।

स्व सहायता समूह की सदस्य को किया लाभान्वित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने उद्बोधन से पहले मारुति नंदन समिति की सदस्य रामकन्या बाई को दस लाख रुपए का बैंक ऋण का चेक भी प्रदान किया। इसके साथ ही उन्होंने श्रीराम स्व सहायता समूह की सदस्य शीतल को नल जल योजना के तहत जल जीवन किट भी प्रदान की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शीतल के साथ संवाद भी किया।

अपने उद्बोधन में अपनी मां को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज जन्मदिन भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब मंच पर खड़े होकर कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं को संबोधित किया तो उन्होंने अपने उद्बोधन में सबसे पहले अपनी मां को याद किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि अगर उनका कोई कार्यक्रम नहीं होता है तो वह अपने जन्मदिन पर अपने मां के पास पहुंचकर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लेते हैं लेकिन इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज उनकी मां यह देख कर खुश होगी कि आज लाखों माताएं उन्हें आशीर्वाद दे रही हैं यह देखकर उन्हें जरूर संतोष पहुंचेगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने सभी को विश्वकर्मा पूजा की भी शुभकामनाएं दी।

चीतों के स्वागत में खड़े होकर बजाई सभी ने तालियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नामीबिया से लाए गए चीतों के स्वागत में सभी से आग्रह किया कि सभी खड़े होकर उनके लिए तालियां बजाएं। प्रधानमंत्री का आग्रह सुनकर कार्यक्रम में मौजूद सभी लोग खड़े हुए और उन्होंने तालियां बजाकर चीतों का स्वागत किया। तालियों की गड़गड़ाहट से कार्यक्रम स्थल गूंज उठा।

प्रधानमंत्री ने कहा-'मुझे विश्वास है कि मेरे भरोसे पर कभी आंच नहीं आएगी'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में अन्य स्थानों पर भी जंगल हैं वन्य पशु भी बहुत हैं लेकिन सिर्फ श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क को ही इन चीतों के लिए चुना गया है क्योंकि उन्हें भरोसा है कि यहां के लोग उनके विश्वास पर कभी आंच नहीं आने देंगे। साथ ही उन्होनें कहा कि अब इन 8 चीतों की जिम्मेदारी आपकी ही है।

पंचायत भवन से राष्ट्रपति भवन तक नारी शक्ति का लहराया परचम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने उद्बोधन में नारी शक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि अब देश में पंचायत भवन से लेकर राष्ट्रपति भवन तक नारी शक्ति का परचम लहरा रहा है। प्रधानमंत्री ने पंचायत चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि पंचायत चुनावों में पूरे मध्यप्रदेश में 17000 महिलाएं जनप्रतिनिधि के रूप में चुनी गई हैं यह बड़े बदलाव का संकेत है।

महिला स्व सहायता समूह के योगदान भी गिनाए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने उद्बोधन में महिला स्व सहायता समूह के योगदान भी गिनाए। प्रधानमंत्री ने बताया कि आजादी की लड़ाई में भी सशस्त्र संग्राम से लेकर सत्याग्रह तक देश की बेटियां किसी से पीछे नहीं रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 'हर घर तिरंगा अभियान' के तहत स्व सहायता समूह द्वारा बनाए गए तिरंगों ने राष्ट्रीय गर्व के क्षण को चार चांद लगा दिए। उन्होंने बताया कि किस तरह कोरोना संकट की घड़ी में भी सहायता समूह द्वारा मास्क और पीपीई किट तैयार किए गए।

ग्रामीण अंचल की सेवाओं में बहनों-बेटियों को जोड़ा जा रहा है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज ग्रामीण अंचल में शुरू होने वाली सभी सेवा में महिलाओं को बड़ी संख्या में प्रबंधन से जोड़ा जा रहा है और इसमें दीनदयाल अंत्योदय योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होनें ग्रामीण अंचल में चल रही सेवाओं के नाम भी बताए।

महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए हमारी सरकार कर रही है काम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अर्थव्यवस्था में महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए हमारी सरकार काम कर रही है। वन डिस्टिक वन प्रोडक्ट के माध्यम से हर जिले के लोकल उत्पादन को बड़े बाजारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है इसका बहुत बड़ा लाभ स्व सहायता समूहों को भी हो रहा है।

शिवराज सरकार की भी तारीफ की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिवराज सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि लोकल उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए शिवराज सरकार द्वारा अनेक ग्रामीण बाजार बनाए गए हैं, इन बाजारों में स्वयं सहायता समूहों ने 500 करोड़ से अधिक के उत्पादों की बिक्री भी की है।

ऑनलाइन उत्पाद बेचने पर भी दिया जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सहायता समूह द्वारा बनाए जा रहे खुद के उत्पादों की बिक्री के लिए ऑनलाइन सेल का भी जिक्र किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा बनाए गए जेम(GEM) पोर्टल में सरस नाम से विशेष विकल्प दिया गया है जिसके माध्यम से आप अपने उत्पाद सीधे सरकार को और सरकारी विभाग को भेज सकते हैं।

महिलाओं के लिए शुरू की गई अन्य योजनाओं के बारे में भी बोले पीएम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने उद्बोधन में केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के लिए शुरू की गई अन्य योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। उज्जवला योजना, हर घर शौचालय योजना, सुकन्या समृद्धि योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।












Click it and Unblock the Notifications