भगवान परशुराम की जन्मस्थली पहुंचे CM मोहन यादव, कहा- जानापाव में बनेगा सांस्कृतिक केंद्र, होगा विकास
MP News: भगवान परशुराम की जयंती पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव जानापाव पहुंचे। यहां सीएम मोहन यादव ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और भगवान परशुराम की मूर्ति पर माल्यार्पण कर पूजन-अर्चना की। इस दौरान सीएम यादव ने जानापाव का बड़े स्तर पर विकास करने की बात कही।
इतना ही नहीं, सीएम यादव ने कहा कि भगवान परशुराम की जन्मस्थली को वैश्विक पटल पर एक अच्छी पहचान मिले इसके लिए सरकार द्वारा प्रयास किए जाएंगे। सीएम ने कहा कि यहां भगवान परशुराम जी का जन्म हुआ था। यहां भगवान श्रीकृष्ण का भी आगमन हुआ। परशुराम ने भगवान श्री कृष्ण को उनका सबसे बड़ा अस्त्र सुदर्शन चक्र यहीं पर दिया था।

सीएम यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण अपने बड़े भाई बलराम के साथ जानापाव पहुंचे थे। बलराम जी बहुत बलशाली थे, जब श्रीकृष्ण ने उनसे कहा आप यह चक्र उठा लीजिए। तभी भगवान परशुराम जी ने श्रीकृष्ण से कहा कि यह चक्र योगबल से उठता है। तुमसे ज्यादा योगबल इस संसार में किसी के पास नहीं।
भगवान श्रीकृष्ण ने जीवन भर परशुराम जी का प्रसाद समझ कर सुदर्शन चक्र छोटी अंगुली पर धारण करके रखा। इस दौरान सीएम यादव ने कहा कि यह हमारे लिए बहुत गौरव की बात है कि हमारे प्रदेश में ऐसे कई स्थान हैं, जो सांस्कृतिक धरोहरें हैं। इतना ही नहीं, सीएम कहा पीएम मोदी देश में सांस्कृतिक अनुष्ठान का पर्व चला रहे हैं, हमारी संस्कृति और धरोहरों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा जानापाव का यह इतिहास दुनिया को जानना चाहिए। हमारी सरकार इस पर काम करेगी...यहां एक केंद्र बनाया जाएगा। मध्य प्रदेश में जहां भी श्रीराम और श्रीकृष्ण की लीलाएं हुई हैं उन सभी स्थलों को तीर्थ बनाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications