Tiger Relocation Project: पन्ना टाइगर रिजर्व टीम को छका रही बाघिन, दूसरी बाघिन को भेज सकते हैं शिवपुरी
पन्ना के टाइगर रिजर्व में हर बार 4 शावकों को जन्म देने वाली बाघिन टी-6 की बेटी को पन्ना से शिवपुरी के माधव नेशनल पार्क शिफ्ट किया जाता था, लेकिन बाघिन ट्रेंकूलाइज टीम को लगातार छकाकर जंगलों में गुम हो जाती है।

टाइगर रिलोकेशन प्रोजेक्ट 2023 (Tiger Relocation Project 2023) के तहत मध्य प्रदेश के शिवपुरी स्थित माधव नेशनल पार्क में पन्ना टाइगर रिजर्व से युवा बाघिन को शिफ्ट किया जाना था, ताकि वहां पर बाघों की आबादी को बढ़ाया जा सके। बता दें कि बीते 10 मार्च को तीन बाघ छोड़े जाने थे, लेकिन पीटीआर की युवा बाघिन बीते 5 दिन से जंगलों में टीम को छकाकर जंगलों में गुम हो जाती है, इस कारण उसे शिफ्ट नहीं किया जा सका। अब संभव है, यदि एक-दो दिन और यह बाघिन टीम के काबू में नहीं आई तो दूसरी बाघिन को शिफ्ट किया जा सकता है।
पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन के अनुसार बाघिन टी-6 ने पन्ना में बाघों की आबादी बढ़ाने में अहम योगदान दिया है। उसने हर बार 4 शावकों को जन्म दिया है। उसकी ही बेटी युवा बाघिन को शिवपुरी भेजने के लिए चिन्हित किया गया था, लेकिन एन वक्त पर बाघिन पीटीआर के हाथी दल और ट्रेंकूलाइज करने वाली टीम को चकमा देकर जंगलों में चली जाती है। कभी-कभी इसकी लोकेशन भी नहीं मिल पाती, इस कारण इस बाघिन को माधव नेशनल पार्क तय तारीख को नहीं भेजा जा सका था। इधर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दो दिन पहले बीते 10 मार्च को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व उमरिया से लाई गई युवा बाघिन व सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से लाए गए युवा बाघ को शिवपुरी में माधव नेशनल पार्क के बाड़े में छोड़ा है।
Recommended Video
संभव है दूसरी बाघिन को शिफ्ट किया जाए
पन्ना टाइगर रिजर्व से टाइगर रिलोकेशन प्रोजेक्ट के तहत पीटीआर में तीन युवा बाघिन को चुना था। इसमें से जिस बाघिन को भेजने के लिए चिन्हित किया गया था, वह लगातार टीम को चकमा दे रही है। इस कारण संभव है कि दूसरी बाघिन को भेजने की योजना पर काम किया जाए। हालांकि मामला राज्य और केंद्र सरकार के प्रोजेक्ट से जुड़ा है, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री इस प्रोजेक्ट से सीधे जुड़े हैं, इस कारण पीटीआर प्रबंधन स्पष्ट रुप से कुछ भी कहने या जानकारी देने से कतराता नजर आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications