OPINION: गोवंश के कल्याण और उनके संरक्षण के प्रति समर्पित है मध्य प्रदेश सरकार
Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश सरकार गौपालन को बढ़ावा देकर किसानों और गौपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बहुत ही प्रेरणादायक कदम उठा रही है। यह पहल राज्य के शीर्ष नेतृत्व यानी प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से की गई है। हाल ही में गोवर्धन पूजा समारोह के दौरान सीएम मोहन यादव ने मध्य प्रदेश के गौपालकों को भी किसानों की तरह ही क्रेडिट कार्ड और अन्य आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मध्य प्रदेश सरकार का यह कदम गौपालन और गोवंश के कल्याण पर बहुत ही दूरगामी असर डालने वाला है। राज्य सरकार ने गौ संरक्षण के लिए जिन कदमों की जानकारी दी है, उसके अनुसार गौपालकों को अपने कार्यों को पूरा करने में किसी तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े, इसके लिए उन्हें भी क्रेडिट कार्ड उपलब्ध करवाने का फैसला किया गया है।

गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए समर्पित मध्य प्रदेश सरकार
इतना ही नहीं, जो गौपालक दस या उससे ज्यादा गायों की देखभाल करते हैं, उनकी सेवा करते हैं, उनके लिए विशेष वित्तीय सहायता भी उपलब्ध करवाई जाएगी। मोहन यादव सरकार ने यह कदम ऐसे समय में उठाया है, जब कई राज्य गोवंश के सामने पैदा हुए संकटों से जूझ रहे हैं।
खासकर आवारा पशुओं की वजह से कुछ राज्यों में कई बार कानून और व्यवस्था का संकट पैदा हो जाता है और गोवंश को अलग तरह के संकटों से भी दो-चार होना पड़ता है।

गौपालन के लिए बुनियादी ढांचे को बेहतर करने पर भी जोर
इसके अलावा मध्य प्रदेश सरकार नगर निगम सीमा के अंदर 5,000 से 10,000 गायों के पालन-पोषण में निवेश की भी विशेष योजना बना रही है। इसका मकसद गायों की देखभाल के लिए उपलब्ध बुनियादी ढांचे और संसाधनों को बेहतर से बेहतर करना है, ताकि इन पशुओं का उचित प्रबंधन और कल्याण सुनिश्चित हो सके।

गौहत्या के खिलाफ सख्त कानून
गायों की रक्षा के लिए मध्य प्रदेश सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और गौहत्या के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलती है। इसके गुनहगारों को मध्य प्रदेश में सात साल की कड़ी सजा होगी। इससे जाहिर होता है कि मोहन यादव सरकार गोवंश के पालन और संरक्षण के लिए किस तरह से प्रतिबद्ध है।

मध्य प्रदेश सरकार की ये कोशिशें कृषि और पशुपालन दोनों ही क्षेत्रों को बढ़ावा देने के एक व्यापक नजरिए को उजागर कर रहे हैं। वित्तीय उपाय और कानूनी सुरक्षा देने का उद्देश्य किसानों और गौपालकों को एक टिकाऊ व्यवस्था उपलब्ध करवाना है, ताकि भविष्य में गायों और उनकी सेवा करने वालों को किसी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

मोहन यादव सरकार ने गायों की सुरक्षा और गोवंश की बेहतरी के लिए जो कदम उठाए हैं, वह आने वाले दिनों में देश के दूसरे राज्यों के लिए भी नजीर बन सकते हैं। क्योंकि, गाय भारतीय सभ्यता और संस्कृति की आत्मा में बसती है और जहां गाय का कल्याण नहीं, वहां समाज और देश का कल्याण करना मुश्किल है।












Click it and Unblock the Notifications