हार्दिक पांड्या ने छोड़ दिया स्टारडम, 2000 किमी दूर से आए फैन से की मुलाक़ात, लाखों फैंस की भर आई आंखें
Hardik Pandya: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका प्रदर्शन नहीं बल्कि उनका विनम्र व्यवहार है। सोशल मीडिया पर हार्दिक के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें वह अपने एक प्रशंसक से जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ मिलते नजर आ रहे हैं, उसने लोगों का दिल जीत लिया है।
यह कहानी ओडिशा के रहने वाले दीपक कुमार की है। हार्दिक के जबरदस्त प्रशंसक दीपक उनसे मिलने के लिए साइकिल से लंबी यात्रा पर निकल पड़े। सफर के दौरान उन्होंने एक वीडियो साझा करते हुए कहा था, "पता नहीं हार्दिक भाई से मिल पाऊंगा या नहीं।" उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद हजारों फैंस ने हार्दिक पांड्या को टैग करते हुए उनसे दीपक से मिलने की अपील की।

इसी दौरान हार्दिक की गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा की भी इस मामले में एंट्री हुई। उन्होंने दीपक के वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "हम मिलवा देंगे आपको।" इसके बाद उन्होंने एक और कमेंट किया, "आप बेंगलुरु आ जाइए।"
दरअसल, हार्दिक इन दिनों मुंबई में नहीं बल्कि अपनी ट्रेनिंग के लिए बेंगलुरु में रह रहे हैं। ऐसे में दीपक ने अपना रूट बदला और आखिरकार बेंगलुरु पहुंच गए, जहां उनका सपना सच हो गया।
जूते उतारकर स्वीकार की भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा
मुलाकात के दौरान दीपक कुमार ने हार्दिक पांड्या को भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा भेंट की। हार्दिक ने प्रतिमा लेने से पहले अपने जूते उतार दिए और पूरे सम्मान के साथ उसे स्वीकार किया। उनका यह व्यवहार कैमरे में कैद हो गया और अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है।
इसके बाद हार्दिक ने दीपक के साथ तस्वीरें खिंचवाईं, उन्हें टी-शर्ट पर ऑटोग्राफ भी दिया और काफी देर तक बातचीत की। मुलाकात के दौरान उनके चेहरे पर किसी तरह का दिखावा या जल्दबाजी नजर नहीं आई।
सोशल मीडिया पर हो रही जमकर तारीफ
हार्दिक और उनके फैन की मुलाकात के वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग उनकी सादगी और विनम्रता की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि स्टार बनने के बावजूद हार्दिक अपने फैंस को पूरा सम्मान देते हैं और उनसे मिलने में कभी झिझकते नहीं हैं।
हालांकि, सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने अन्य क्रिकेटरों से उनकी तुलना भी की है, लेकिन इस तरह की तुलना व्यक्तिगत राय पर आधारित है। इतना जरूर है कि हार्दिक पांड्या के इस व्यवहार ने लाखों क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीत लिया है और एक बार फिर यह साबित किया है कि मैदान के बाहर भी उनका व्यक्तित्व लोगों को उतना ही प्रभावित करता है, जितना मैदान के अंदर उनका खेल।












Click it and Unblock the Notifications