राजनीतिक हुआ शिवराज के काफिले पर पथराव का मामला, कांग्रेस के 3 लोग सहित 9 गिरफ्तार
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जनआशीर्वाद यात्रा पर रविवार को कुछ अज्ञात लोगों ने पत्थर से हमला किया। पुलिस ने पथराव करने के मामले में कार्रवाई तेज कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें तीन आरोपी कांग्रेस के पदाधिकारी हैं। पुलिस ने बताया कि मुख्यमंत्री की यात्रा के विरोध में काले कपड़े में लपेट कर पत्थर फेंके गए थे। यह हमला जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान रविवार की रात सीधी जिले के चुरहट में हुआ। पथराव के समय मुख्यमंत्री रथ में मौजूद थे। हालांकि उन्हें कोई चोट नहीं आई। वहीं बीजेपी ने पत्थरबाजी का ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ा और उन्हें जिम्मेदार ठहराया है।

वहीं प्रदेश के गृहमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा था कि 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी होगी। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले कांग्रेस अपशब्दों का प्रयोग करते थे लेकिन अब हिंसा पर उतारू हो गए हैं।

इस घटना के बाद बीजेपी ने तुरंत ही कांग्रेस पर निशाना साधा। एमपी बीजेपी अध्यक्ष राकेश सिंह ने ट्वीट किया, 'चुरहट विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा के रथ पर किया गया पथराव कायराना हरकत है। सभ्य समाज में ऐसी हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। जनता इस कायरता का करारा जवाब कांग्रेस को देगी।'
वहीं, जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान सीधी के मायापुर में शिवराज सिंह चौहान को विरोध का सामना करना पड़ा जब उनके रथ के पास खड़े होकर कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाए। जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर हाल के दिनों में राज्य में बीजेपी और कांग्रेस के बीच तनातनी देखने को मिली है। एक तरफ बीजेपी इस यात्रा को सफल बता रही है तो दूसरी ओर कांग्रेस इस रथ यात्रा को लेकर शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधती रही है।












Click it and Unblock the Notifications