International Tiger Day: 'नौरादेही' बन सकता है MP का सातवां टाइगर रिजर्व, बाघों की गणना भी जारी होगी
International Tiger Day 2023: मध्य प्रदेश एक बार फिर 'टाइगर स्टेट' (Tiger State) का दर्जा प्राप्त करेगा। 29 जुलाई को इंटरनेशनल टाइगर डे के मौके पर नेशनल टाइगर कंजरवेशन अथॉरिटी (NTCA) (राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण) टाइगर रिजर्व में कहां-कितने बाघ मौजूद हैं, इसकी घोषणा करेगा। इसी दिन मप्र प्रदेश के सागर-दमोह-नरसिंहपुर जिले तक फैले नौरादेही अभयारण्य (Nauradehi Sanctuary) को नया टाइगर रिजर्व (Tiger Reserve) बनाने की घोषणा भी कर सकता है। करीब एक साल पहले वन मंडल कार्यालय, मप्र शासन, वन विभाग से इसका प्रस्ताव दिल्ली जा चुका था। इसकी प्रक्रिया पूरी हो गई है और अब सिर्फ औपचारिक घोषणा होना बाकी हैं।

नौरादेही में 5 साल में दो से 16 बाघ हो गए
बुंदेलखंड के संभागीय मुख्यालय सागर स्थित नौरादेही वन्य प्राणी अभयारण्य के जंगलों में वर्तमान में बाघ परिवार में 15 मौजूद हैं। जबकि एक बाघ किशन एन-2 की बीते महीने टेरेटरी फाइट में मौत हो चुकी है। बता दें कि बाघ विहीन हो चुके नौरादेही में बाघ पुनर्स्थापन प्रोजेक्ट के तहत साल 2018 में कान्हा से टाइगर एन-1 और बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से टाइगर एन-2 किशन को लाया गया था। पहले साल में ही इनके लिटर से 3 शावकों का जन्म हुआ था। धीरे-धीरे बढ़कर इनकी संख्या 15 हो गई है।
मध्य प्रदेश का 7 वां व बुंदेलखंड का दूसरा टाइगर रिजर्व होगा
NTCA के रिकॉर्ड के अनुसार वर्तमान में मध्य प्रदेश में कुल छह टाइगर रिजर्व मौजूद हैं। सबकुछ ठीकठाक रहा तो शनिवार को सातवें टाइगर रिजर्व के रूप में नौरादेही भी स्थापित हो जाएगा। इधर बुंदेलखंड में पन्ना टाइगर रिजर्व के बाद यह दूसरा टाइगर रिजर्व होगा।
देश में 3167 बाघ मौजूद हैं
साल 2023 में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो महीने पहले बाघों की संख्या के आंकड़े जारी किए थे। इसमें कम से कम बाघों की कुल संख्या 3167 हो गई है। यह संख्या इससे ज्यादा भी हो सकती है। एनटीसीए वैज्ञानिक पद्धतियों के आधार पर बाघों की सटीक जनसंख्या का आंकलन कर चुका है। ठीक एक दिन बाद 29 जुलाई को इनकी संख्या के आंकड़े जारी किए जाएंगे।
Recommended Video
साल 2018 की बाघ गणना में 526 टाइगर थे
देश में बाघों की गणना साल 2018 में जारी की गई थी, जिसमें पूरे देश में मप्र में सबसे ज्यादा बाघ 526 मौजूद थे। जबकि इस दफा इनकी गणना 150 से ज्यादा बढ़ सकती है। इसके अलावा देश के अन्य राज्यों कर्नाटक में 524, महाराष्ट्र में 312, तमिलनाडु में 264 और उत्तराखंड में 442 बाघ होने की जानकारी दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications