Sheopur news:बीजेपी नेता कर सकें सफाई इसलिए नगर पालिका कर्मचारियों ने फैलाया सड़क पर कचरा
श्योपुर में बीजेपी का सफाई अभियान सवालों के घेरे में, सफाई अभियान से पहले नगर पालिका के कर्मचारियों ने फैलाया सड़क पर कचरा, वीडियो हुआ सोशल मीडिया पर वायरल
Sheopur में बीजेपी द्वारा मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस के मौके पर पटेल चौक पर चलाए गए सफाई अभियान को लेकर तमाम सवाल खड़े होने लगे हैं क्योंकि बीजेपी नेताओं के सफाई अभियान चलाने से पहले पटेल चौक पर नगर पालिका के कर्मचारियों ने कचरा फैलाया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के मौके पर लगाई थी झाड़ू
1 नवंबर को मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस मनाया गया। स्थापना दिवस के मौके पर श्योपुर के पटेल चौक पर बीजेपी नेताओं द्वारा अपने हाथों से झाडू लगाकर सफाई की गई और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। बीजेपी नेताओं ने हाथों में झाड़ू पकड़कर सड़कों पर झाड़ू लगाई और अपने फोटो खिंचवा कर यह संदेश दिया कि सभी को स्वच्छता में अपना योगदान देना चाहिए।
Recommended Video

इससे पहले नगर पालिका के कर्मचारियों ने फैलाया कचरा
बीजेपी नेताओं को लगा कि उनकी यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होंगी तो लोग उनकी तारीफ करेंगे लेकिन मामला एकदम उलट हो गया क्योंकि एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। खास बात यह थी कि वायरल वीडियो में नगर पालिका के कर्मचारी उसी स्थान पर कचरा फैलाते हुए नजर आ रहे थे जहां पर बीजेपी के नेताओं ने झाड़ू लगाई थी।

तो क्या योजना के तहत करवाई गई थी गंदगी
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाया जा रहा है कि नगर पालिका के कुछ कर्मचारी ट्रैक्टर ट्रॉली में भर कर लाए गए कचरे को उठा-उठा कर पटेल चौक पर फेंक रहे थे और उसके ठीक कुछ देर बाद बीजेपी नेताओं ने वहां झाड़ू लगाकर सफाई की। यह वीडियो वायरल होने के बाद अब सोशल मीडिया पर यह सवाल खड़े होने लगे हैं कि क्या बीजेपी नेताओं के इशारे पर ही पटेल चौक पर पहले कचरा फैलाया गया और उसके बाद फोटो खिंचवाने के लिए बीजेपी नेताओं ने झाड़ू लगाई थी। तो क्या यह पूरा स्वच्छता अभियान योजनाबद्ध तरीके से पब्लिसिटी पाने के लिए चलाया गया था।

नगर पालिका सीएमओ ने जारी किया कर्मचारियों को नोटिस
वायरल वीडियो जब नगर पालिका सीएमओ के पास पहुंचा तो उन्होंने तत्काल प्रभाव से नगर पालिका के 5 कर्मचारियों को नोटिस जारी कर दिया। यह वही कर्मचारी हैं जो वीडियो में पटेल चौक पर कचरा फैलाते हुए नजर आ रहे हैं। नोटिस में सीएमओ ने कर्मचारियों से पूछा है कि आखिर वे पटेल चौक पर कचरा क्यों फैला रहे थे इसकी वजह क्या है।

बीजेपी की हो रही है किरकिरी
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब बीजेपी की किरकिरी हो रही है। लोग कह रहे हैं कि बीजेपी इसी तरह लोगों को बेवकूफ बनाने का कार्य कर रही है। पहले खुद ही कचरा डलवाती है और फिर खुद ही सफाई करके वाहवाही लूट लेती है। इसी तरह देश की जनता को बेवकूफ बनाने का काम किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications