'हाथ में राम-मंदिर और धोती-कुर्ता संग भगवा कोटी', तिलकधारी इस MLA ने पहले ही दिन लूट लिया माहौल
MLA Abhilash Pandey oath: दूसरों से अलग दिखने का जी किसका नहीं चाहता। खूबसूरती की बात में महिलाएं ऐसे वक्त एक कदम आगे रहती हैं। लेकिन अलग दिखने की बात यही नहीं थमती। पुरुष भी पीछे नहीं। वो भी राजनीति के क्षेत्र में पहली बार 'माननीय' बने नेता जी।
मध्य प्रदेश में चुनाव हुए तो बीजेपी की सरकार अलग अंदाज में बनी। तो भला इस सरकार का हिस्सा और पहली बार विधायक बने अभिलाष पांडे भी अलग रूप में नजर आए। विधानसभा सदन में प्रवेश करते वक्त ही वह छा गए।
अभिलाष पांडे कौन है? यह आगे बताएंगे। फिलहाल यह जान लीजिए कि शुद्ध देसी सनातनी वेशभूषा धारण कर जब ये 'माननीय' विधानसभा में दाखिल हुए, तो कुछ देर के लिए ही सही पर अन्य विधायकों की आंखे ठहर गई। लाजवाब पोशाक और सौम्य अंदाज।

सियासी नेताओं के ड्रेस कोड सफ़ेद कुर्ता-पैजामा और दूसरे माहौल में जब स्टाइलिश जींस, ट्राउजर टी-शर्ट का फैशन पूरा जमाना ओढ़ता है, तो पहली बार बीजेपी से विधायक बने अभिलाष बाबू ने धोती-कुर्ता पहनना पसंद किया। पार्टी की पहचान का हिस्सा भगवा रंग भी अभिलाष की ड्रेस में नजर आ रहा था। कोटी भी भगवा कलर की पहनी। माथे पर तिलक भी सुशोभित हो रहा था। बाकी जो कसर बची थी तो हाथ में भगवान श्री राम मंदिर की झांकी लेकर पूरी कर दी। एक तरह से पूरे विधानसभा का माहौल लूट लिया।
इसलिए इस गेटअप में पहुंचे अभिलाष
विशुद्ध भारतीय परिधान धारण कर विधानसभा में विधायक के तौर पर पहली दफा कदम रखने वाले अभिलाष पांडे कहते है कि 'मैं सनातनी परंपरा को मानने वाला व्यक्ति हूं, हिंदू धर्म पर अटूट आस्था एवं विश्वास रखता हूं एवं इसलिए मैंने सनातनी वेशभूषा धोती कुर्ता धारण करके विधान सभा में प्रवेश कर रहा हूं साथ ही हाथ में करोड़ों सनातनियों की आस्था के केंद्र प्रभु श्री राम जी के अयोध्या में बन रहे भव्य मंदिर की झांकी लेकर आया हूं जो आदरणीय मुख्यमंत्री को भेंट करना है।
संस्कृत भाषा में ली शपथ
अभिलाष पांडे ने कहा कि आज में उत्तर विधानसभा के बेटे के रूप में यहां आया हूं और क्षेत्र की जनता के चरणों में प्रणाम करते हुए उनको धन्यवाद देता हूं की उन्होंने मुझे इस काबिल बनाया और यह विश्वास दिलाता हूं कि क्षेत्र की जनता के प्रत्येक काम को पूर्ण ईमानदारी और प्राथमिकता से करूंगा। अभिलाष पांडे ने विधानसभा में देवनागिरी संस्कृत भाषा में विधायक के रूप में शपथ ली।
जबलपुर उत्तर मध्य सीट से MLA है अभिलाष
अभिलाष पांडे युवा विधायक है। महज 38 साल की उम्र में इन्होने विधानसभा की सीढ़ी पार कर ली। बीजेपी ने इन्हें ऐसी सीट से टिकट दिया था, जहां करीब दर्जनभर दावेदारों की लंबी फेहरिस्त रही। टिकट मिलने के बाद कई अपने ही विरोध में जुटे, लेकिन नतीजों में किस्मत ने ऐसी करवट ली कि अभिलाष ने अपनी काबलियत सिद्ध कर दी। 22655 वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी और सिटिंग MLA विनय सक्सेना को हराया। ABVP से राजनीति शुरु करने वाला यह युवा चेहरा संगठन मंत्री भी रहा। 2011 में युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बने। 2014 में युवा मोर्चा के महामंत्री बने।












Click it and Unblock the Notifications