नेशनल गोल्फ टीम में मप्र के 4 खिलाड़ियों का चयन, स्वीडन गोल्फ वर्ल्ड कप में खेलेंगे
सागर के संदीप मिश्रा सीनियर नेशनल गोल्फ टीम में चयनित हुए हैं। वे आगामी अगस्त 2023 में स्वीडन में आयोजित गोल्फ वर्ल्ड कप देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Indian Golf Team: स्वीडन में आगामी 2023 में आयोजित होने वाले वर्ल्ड गोल्फ कप में मध्यप्रदेश के चार युवा भी शामिल होंगे। सागर आर्मी पब्लिक स्कूल में 12 वीं के छात्र संदीप मिश्रा का चयन भी सीनियर नेशनल टीम में हुआ है। बीते दिनों राजस्थान में नेशनल गोल्फ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें सागर के संदीप मिश्रा सहित देश के 20 स्टेट से खिलाड़ी शामिल हुए थे।
राजस्थान झुंझुनू में आयोजित हुई 8वीं सीनियर नेशनल गोल्फ प्रतियोगिता में आर्मी स्कूल के छात्र संदीप मिश्रा ने टीम इवेंट में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया है। जिसके बाद सीनियर भारतीय गोल्फ टीम में उनका चयन हुआ। इस टीम के लिए 18 सदस्य चुने गए हैं, जिनमें चार मध्यप्रदेश के हैं। इन चार खिलाड़ियों में संदीप मिश्रा का नाम भी शामिल है। अब संदीप भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए मिनी गोल्फ वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने के लिए अगस्त 2023 में स्वीडन जाएंगे। संदीप ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय स्कूल प्रबंधन, प्राचार्य और कोच को दिया है। जिन्होंने न केवल सागर में उन्हें गोल्फ कोर्स की सुविधा दी, बल्कि सफल प्रशिक्षण भी प्राप्त हुआ। पटकुई निवासी संदीप मिश्रा आर्मी स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र हैं। संदीप के पिता धनंजय कुमार मिश्रा सेना से सेवानिवृत्त हैं।

स्कूल में शुरू हुई थी गोल्फ की सुविधा, अब देश के लिए खेलेगा संदीप मिश्रा
संदीप मिश्रा की इस उपलब्धि में उनके परिवार के साथ आर्मी पब्लिक स्कूल सागर की भी अहम भूमिका है। जहां प्राचार्य ज्योति दुबे की पहल पर छह माह आर्मी गोल्फ कोर्स में विद्यार्थियों को गोल्फ खेलने का मौका मिला और पहले ही इवेंट में न सिर्फ विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक हासिल किए, बल्कि संदीप मिश्रा ने भारतीय टीम में जगह भी बनाई। विद्यार्थियों को गोल्फ की ट्रेनिंग जीशान कुरैशी ने दी। आर्मी पब्लिक स्कूल संभाग का एकमात्र स्कूल है, जहां विद्यार्थियों को गोल्फ जैसे खेल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संदीप मिश्रा के अलावा स्कूल के जिन विद्यार्थियों इस खेल का प्रशिक्षण लिया था उनमें से 50 फीसदी ने नेशनल गेम्स में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक हासिल किए हैं।
20 राज्यों से 700 खिलाड़ियों ने झुंझुनू में शिरकत की थी
जानकारी अनुसार राजस्थान के झुंझुनू के बड़ागांव में मिनी गोल्फ फेडरेशन इंडिया द्वारा आयोजित 8वीं राष्ट्रीय महिला-पुरुष जूनियर/सीनियर प्रतियोगिता गोमती देवी कॉलेज में गोल्फ कोर्स पर आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में 20 राज्यों के लगभग 700 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता के जरिए इस साल अगस्त महीने में स्वीडन में होने वाले वर्ल्ड कप मिनी गोल्फ के लिए भारतीय टीम का चयन किया गया है। चयनित टीम को अब कैंप लगाकर प्रशिक्षण दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications