CM मोहन यादव ने किया जबलपुर का निरीक्षण, कहा- PM मोदी के रोड शो के साथ शुरू होगा चुनाव अभियान
MP News: लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर मध्यप्रदेश में सियासी घमासान की शुरुआत हो चुकी है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 अप्रैल को जबलपुर से चुनाव अभियान का शंखनाद करेंगे। पीएम मोदी के दौरे से पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जबलपुर दौरे स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान सीएम मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, रानी दुर्गावती की पवित्र नगरी महाकौशल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने रोड शो की शुरुआत करके चुनाव अभियान का शंखनाद करेंगे। सीएम यादव ने कहा कि हमारे लिए कई कारणों से जबलपुर शुभंकर है। पीएम मोदी जिस मार्ग से गुजरेंगे, आज हमने उस मार्ग का पैदल अवलोकन भी किया है।

इतना ही नहीं, सीएम यादव ने अपने 'X' हैंडल पर लिखा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी सात अप्रैल को संस्कारधानी जबलपुर पधारेंगे और नागरिकों के बीच पहुंचेंगे। उनके आगमन और रोड शो सहित अन्य कार्यक्रमों के संदर्भ में जारी तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।'
बता दें कि 7 अप्रैल को प्रधानमंत्री जबलपुर में भाजपा प्रत्याशी आशीष दुबे के समर्थन के लिए रोड शो करेंगे। दुबे पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर 1996 से भाजपा जीतते आ रही है। वहीं, बालाघाट में भी पहली बार की प्रत्याशी भारती पारधी भाजपा की प्रत्याशी है। प्रधानमंत्री बालाघाट में 9 अप्रैल को जनसभा को संबोधित करेंगे।
दोनों ही सीट पर पार्टी प्रत्याशियों के नए होने के चलते भाजपा कोई जोखिम नहीं लेना चाहती है। बालाघाट की रैली से प्रधानमंत्री मंडला और छिंदवाड़ा के मतदाताओं को भी साधेंगे। ऐसा बताया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने के बाद यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पहला दौरा होगा।
#WATCH जबलपुर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "...प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोड शो की शुरूआत करके चुनाव अभियान का शंखनाद करेंगे। हमारे लिए कई कारणों से जबलपुर शुभंकर है... प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस मार्ग से गुजरेंगे हमने उस मार्ग का पैदल अवलोकन भी किया है..." https://t.co/CvmWCy2LAy pic.twitter.com/zGN1MzUTv9
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 5, 2024












Click it and Unblock the Notifications