कांग्रेस के अभेद्य किले को भेदने छिंदवाड़ा पहुंचे CM मोहन यादव, कहा- यहां खिलता दिखा रहा 'कमल'
MP News: लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस के अभेद्य किले यानी छिंदवाड़ा सीट को भेदने के लिए बीजेपी कार्यकर्ता और प्रदेश के मुख्यमंत्री जी तोड़ मेहनत कर रही है। पिछले 15 दिनों में सीएम मोहन यादव चार बार छिंदवाड़ा का दौरा कर चुके हैं। इसी कड़ी में सीएम यादव बुधवार 10 अप्रैल को छिंदवाड़ा पहुंचे और रोड शो किया।
सीएम मोहन यादव ने छिंदवाड़ा के दमुआ, जुन्नारदेव और चांदामेटा परासिया में रोड शो किया। इस दौरान सीएम यादव ने जनता से पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान सीएम यादव का रथ जहां-जहां से निकला तो लोगों ने अपने घरों की छत से उनके ऊपर फूलों की बारिश की। साथ ही, सीएम यादव और पीएम मोदी के पक्ष में नारे बाजी भी की।

इस दौरान सीएम यादव ने कहा, जिस प्रकार से मैं छिंदवाड़ा आ रहा हूं और हमारे कार्यकर्ता घूम रहे है...ये फैले हुए भाजपा के झंडे और झंडे के अंदर कमल का फूल निश्चित रूप से छिंदवाड़ा का अंदर खिलता हुआ दिखाई दे रहा है। सीएम यादव ने कहा कि इस बार दुनिया की कोई ताकत छिंदवाड़ा में कमल का फूल खिलने से नहीं रोक सकती।
सीएम यादव ने रोड शो के दौरान जनता को संबोधित करते कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम कमलनाथ का नाम लिए बिना निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कोई कहता है कि मैं 45 साल से तपस्या कर रहा हूं। सीएम ने कहा कि तुम तपस्या नहीं, समस्या कर रहे हो। यहां के आदमी को जीतने नहीं दे रहे हो।
कहा कि यह आपकी समस्या है कि आपको अपने परिवार वालों के अलावा 20 लाख मतदाताओं में से कोई एक व्यक्ति नहीं मिला कि आप उसे सांसद बना दो। आप जनता को गुलाम बनाकर क्यों रखना चाहते है, ये लोग अब आपकी गुलामी से बाहर आना चाहते है। इस दौरान सीएम यादव ने पूछा कि क्यों छिंदवाड़ा का व्यक्ति सांसद नहीं बन सकता?
आप 45 साल की बात करते हो, जो यहां खादाने बंद हो गई उसका पाप किसके माथे पर है। सीएम ने कहा कि झूठ बोल-बोल कर पहले खुद जीत गए। फिर उसके बाद अपने बेटे का क्रम चालू किया। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने कहा कि आखिर बार-आखिर बार करके आप बन गए। आपकी पत्नी को बना दो, बेटे को बना दो...यहां के लोग कहा जाएंगे।
कहा कि कांग्रेस लोग बरसों तक झूठ बोल-बोल कर अपनी सरकार बनाते रहे। सीएम ने कहा कि कांग्रेस के माथे पर कलंक है कि वो डरा-डरा कर वोट लेते है। आजादी के समय देश का बंटवारा किया...हिंदुस्तान-पाकिस्तान अलग-अलग। ये राम मंदिर के मामले में डराते रहे। कहा कि मैं गारंटी देता हूं कि केंद्र में पीएम मोदी की सरकार बनने के बाद छिंदवाड़ा में बंद पड़ी खदाने फिर से शुरू होंगी।
इतना ही नहीं, सीएम यादव ने कहा कि अबकी बार, छिंदवाड़ा पार...छिंदवाड़ा के भाइयों-बहनों, मैं आपके जीवन को सरल एवं सुगम बनाने के लिए सदैव संकल्पित हूं। कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में सबका साथ-सबका विकास के मंत्र पर चल रही भाजपा सरकार देश के हर शहर-हर गांव को प्राथमिकता दे रही है, जिस पर पूरा मध्यप्रदेश विश्वास करता है।
आज रोड शो के दौरान छिंदवाड़ा के भाई-बहनों का स्नेह पाकर मन अभिभूत है, इस आशीर्वाद के लिए ह्रदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करता हूं। वहीं, जुन्नारदेव में खूब हुई स्नेह वर्षा, भरपूर मिला जनता का आशीर्वाद! विकसित भारत के संकल्पों की सिद्धि के लिए देश और प्रदेश का हर नागरिक पीएम मोदी के साथ है। निश्चय ही देश बढ़ेगा, प्रदेश बढ़ेगा।
सीएम यादव ने कहा कि आज छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव में जनता ने जिस उत्साह और आत्मीयता से भाजपा के रथ का स्वागत किया, उससे यह सुनिश्चित हो गया कि प्रदेश में 29 स्वर्ण कमल खिलने वाले हैं। जुन्नारदेव के समस्त भाइयों-बहनों के अपार प्रेम और आशीर्वाद के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।












Click it and Unblock the Notifications