रानी अवंती बाई लोधी विश्वविद्यालय का CM मोहन यादव ने किया शुभारंभ, कहा- इसी सत्र से शुरू होगा प्रवेश
MP News: मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार 13 मार्च को सागर पहुंचे। यहां उन्होंने रानी अवंती बाई लोधी विश्वविद्यालय का शुभारंभ किया। साथ ही, कहा कि यह विश्वविद्यालय इसी सत्र से शुरू होगा और विश्वविद्यालय के लिए भवन भी बनाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने पीटीसी ग्राउंड में विश्वविद्यालय के डिजिटल लांच के लिए आयोजित समारोह को संबोधित भी किया।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि डॉ.हरिसिंह गौर की नगरी सागर ने शिक्षा के क्षेत्र में देश का नेतृत्व किया है और मध्यप्रदेश की धरती शिक्षा क्षेत्र में देश का मुख्य केन्द्र है। भगवान श्रीकृष्ण ने संदीपनी आश्रम उज्जैन में शिक्षा ली थी, वहीं शिक्षाविद् डॉ. हरिसिंह गौर ने बुंदेलखंड की धरा पर शिक्षा की मशाल जलाई।

इस दौरान सीएम यादव ने मंच से डॉ.हरिसिंह गौर के लिए भारत रत्न की मांग की। उन्होंने कहा कि मेरा मत है कि डॉ.हरिसिंह गौर को भारत रत्न मिलना चाहिए। प्रदेश के 55 जिलों में सागर एक मात्र जिला है, जहां दो विश्वविद्यालय है। मध्यप्रदेश सरकार ने 90 दिन के भीतर अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लेकर उनका क्रियान्वयन करवाया है।
52 दिन पहले सागर में वीरांगाना रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा की गई थी, जिसे आज मूर्तरूप दिया जा रहा है। कहा कि महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों से प्रतिभावान नागरिकों की पौध तैयार होती है। युवाओं के हाथ में केवल कागज की डिग्री ही नहीं बल्कि हुनर भी होना चाहिए।
इसी परिप्रेक्ष्य में नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षा का समूचा ढांचा तैयार किया जा रहा है, जिसका श्रेय पीएम मोदी को है। नई शिक्षा नीति में कौशल के साथ संस्कार देने के पाठ्यक्रम भी शामिल किए गए हैं। सागर के नये विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के सुझाव पर पाठ्यक्रम चालू किए जायेंगे।












Click it and Unblock the Notifications