बिजली गिरने से सिवनी में तीन मजदूरों की मौत, CM मोहन यादव ने मुआवजे का किया ऐलान
MP News: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में बिजली गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वे खेत में काम कर रहे थे। वहीं, 4 महिला मजदूर बिजली की चपेट में आने से झुलसकर घायल हो गईं।
इस हादसे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए इसे बेहद दर्दनाक बताया है।

एमपी सीएम मोहन यादव ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, सिवनी जिले के ग्राम जमुनिया में आकाशीय बिजली गिरने से तीन व्यक्तियों की असामयिक मृत्यु का समाचार अत्यधिक पीड़ादायी है।
इस मौके पर घायल हुए लोगों का उपचार सिवनी जिला अस्पताल में जारी है। बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
सीएम यादव ने आगे लिखा कि दुःख की इस घड़ी में हम सब शोकाकुल परिवार के साथ हैं। मैंने पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिये हैं।
आपको बता दें कि यह हादसा सिवनी जिले के बकोडी जमुनिया गांव में हुआ। खेत में बुवाई कर रहे मजदूरों पर बिजली गिर गई। इस घटना में तीन पुरुष मजदूरों की तत्काल मौत हो गई।
घायलों को सिवनी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्रभारी कलेक्टर नवजीवन पवार और एसपी राकेश कुमार सिंह ने जिला अस्पताल का दौरा कर डॉक्टरों को घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications