छिंदवाड़ा के कबीर दास की शहादत पर CM मोहन यादव ने जताया शोक, कठुआ आतंकी हमले में घायल हुए थे उइके
MP News: जम्मू-कश्मीर के कठुआ में हाल ही में हुए आतंकी हमले में मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के रहने वाले सीआरपीएफ जवान कबीर दास उइके शहीद हो गए। उइके ने बहादुरी से आतंकियों का सामना किया और एक आतंकी को मार गिराया, लेकिन बाद में घायल होकर दम तोड़ दिया। आतंकियों से यह मुठभेड़ 12 जून 2024 को हुई थी और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
सीआरपीएफ जवान कबीर दास उइके की शहादत पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख जताया है। सीएम यादव ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर बुधवार 12 जून को एक पोस्ट शेयर करते हुए सीआरपीएफ जवान के निधन पर शोक जताया है। यादव ने लिखा, कल देर रात्रि जम्मू-कश्मीर के डोडा में आतंकवादियों ने कायराना हमला किया।

इस आतंकी हमले में हमारे एक सीआरपीएफ जवान के शहीद होने तथा कुछ सैनिकों के घायल होने का दुखद समाचार मिला है। जवाबी कार्रवाई में हमारे वीर सैनिकों ने एक आतंकी को मार गिराया है। बाबा महाकाल से प्रार्थना करता हूं कि शहीद जवान की पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा घायल सैनिकों को शीघ्र ही पूर्णतः स्वस्थ करें।
वहीं, दूसरे पोस्ट में सीएम यादव ने लिखा, 'मां भारती के वीर सपूत, छिंदवाड़ा के लाल, अमर शहीद कबीर दास उईके जी के बलिदान को यह देश कभी विस्मृत न कर सकेगा।' आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर के डोडा में देर रात आतंकी हमला हुआ। उइके के अलावा कुछ और जवान घायल हुए हैं।
इस हमले से बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया है और वे सड़कों पर उतर आए हैं। जवान कबीर दास उइके छिंदवाड़ा के पुलपुलडोह के रहने वाले थे। वे 2011 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। उनका पार्थिव शरीर गुरुवार, 13 जून 2024 को उनके गृहनगर लाया जाएगा। पूरा समुदाय अपने वीर बेटे के जाने से दुखी है।












Click it and Unblock the Notifications