जीतू पटवारी के बयान की CM मोहन यादव ने की निंदा, कहा- महिलाओं के ऐसी टिप्पणी करना डूब मरने की बात
MP News: लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर मध्य प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी का दौर जारी है। इसी क्रम में कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने पूर्व मंत्री और बीजेपी नेता इमरती देवी के लिए आपत्तिजनक बातें कहीं थीं। वहीं, अब जीतू पटवारी के बयान पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कड़ी आपत्ति जताते हुए उनसे इस्तीफा मांगा है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शुक्रवार 03 मई को बदायूं पहुंचे और यहां उन्होंने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए सीएम यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा, कांग्रेस के नेता जिस तरह से महिलाओं के बारे में बात करते हैं वह उनके लिए डूब मरने के बराबर है।

इस दौरान सीएम यादव ने पूछा कि कहां गई प्रियंका गांधी जो 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' की बात करती थी। अब वे अपने वर्तमान के प्रदेश अध्यक्ष से लड़ें। महिलाओं का अपमान करना कांग्रेस का चरित्र है... उन्हें(जीतू पटवारी) अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। कांग्रेस को इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
सीएम यादव ने कहा कि कमलनाथ जी महिलाओं को आइटम बताते थे। दिग्विजय सिंह की भाषा में महिलाएं टंच माल थी। यह कांग्रेस के नेताओं की भाषा है, जैसी दृष्टि वैसी श्रृष्टि..। इस दौरान सीएम यादव ने कहा कि उम्मीद करता हूं कि जीतू पटवारी को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए, कांग्रेस को भी कड़ी कार्रवाई करना चाहिए।
बदायूं में बोलते हुए सीएम यादव ने कहा कि मैं निंदा करता हूं इनके बयान की और इनके व्यवहार की। बता दें कि सीएम यादव ने अपने 'X' हैंडल पर भी लिखा, 'व्यक्ति के शब्द,उसके संस्कार दर्शाते हैं... कांग्रेस पार्टी की महिलाओं के प्रति दृष्टि तो जग जाहिर है। चुनावी भाषणों में "लड़की हूं, लड़ सकती हूं" के नारे देने वाली कांग्रेस का चरित्र फिर बेनकाब हुआ है।
कमलनाथ जी हों, दिग्विजय सिंह जी हों या अब जीतू पटवारी जी; इन्होंने नारीशक्ति का सदैव अपमान ही किया है, यही बहनें आपको जवाब देगी। कांग्रेस पार्टी का शीर्ष नेतृत्व इस पर चुप है, क्या इसे उनका समर्थन माना जाए??'
जीतू पटवारी ने क्या कहा था
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व मंत्री और सिंधिया समर्थक इमरती देवी के बारे में कुछ ऐसा कह दिया, जिसके बाद उन्हें माफी मांगनी पड़ गई। दरअसल, जीतू पटवारी ने मीडिया के एक सवाल पर जवाब दिया कि इमरती देवी का रस अब खत्म हो चुका है और उनकी चाशनी के बारे में उन्हें बात नहीं करनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications