MP News: सारंगपुर में बाइक सवार युवक की जेब में मोबाइल फटा, अंडकोष बुरी तरह जख्मी
Bhopal News: राजगढ़ जिले के सारंगपुर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक की जेब में मोबाइल फटने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब युवक बाइक चला रहा था।
मोबाइल ब्लास्ट के साथ ही उसका संतुलन बिगड़ गया और वह हाईवे पर गिर पड़ा। इस दौरान ब्लास्ट इतना तेज था कि उसके अंडकोष फट गए और सिर में भी गहरी चोट आई है। फिलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सब्जी मंडी से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, नैनवाड़ा गांव निवासी 19 वर्षीय अरविंद पानीपुरी का ठेला लगाता है। सोमवार सुबह वह बाइक से सब्जी मंडी से सामान खरीदकर लौट रहा था। टोल टैक्स के पास उसकी पेंट की जेब में रखा मोबाइल अचानक ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। मोबाइल फटने से अरविंद का संतुलन बिगड़ गया और वह हाईवे पर गिर पड़ा।
अंडकोष में गंभीर चोट, सिर में भी आई गंभीर चोट
हादसे में अरविंद के प्राइवेट पार्ट (अंडकोष) फट गए। इसके अलावा गिरने से उसके सिर में भी गहरी चोट आई है। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर युवक को सारंगपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे शाजापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रात भर चार्जिंग पर था मोबाइल
अरविंद के भाई ने बताया कि उसने हाल ही में रेडमी कंपनी का एक पुराना मोबाइल खरीदा था। रविवार रात को वह मोबाइल को पूरी रात चार्जिंग पर लगाकर सो गया था। सोमवार सुबह वह मोबाइल जेब में रखकर सब्जी मंडी गया था और लौटते समय हादसा हो गया।
डॉक्टर बोले- खतरे से बाहर, लेकिन इलाज जारी
सारंगपुर सिविल अस्पताल के डॉक्टर नयन नागर ने बताया कि युवक के अंडकोष में गंभीर चोट आई है। फिलहाल वह खतरे से बाहर है, लेकिन इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, मोबाइल ब्लास्ट की वजह से ऊपरी शरीर में ज्यादा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन प्राइवेट पार्ट्स में गहरी चोट पहुंची है।
पुलिस को नहीं मिली शिकायत
सारंगपुर थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया ने बताया कि पुलिस को इस मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। जैसे ही शिकायत मिलती है, जांच शुरू की जाएगी। वहीं, पुलिस यह भी जांच कर सकती है कि मोबाइल में किस तरह की तकनीकी खराबी थी, जिससे ब्लास्ट हुआ।












Click it and Unblock the Notifications