स्टाइलिश मूंछ की वजह से सिपाही राकेश राणा सस्पेंड, बोले- मैं राजपूत हूं, मूंछ नहीं कटवाऊंगा
भोपाल, जनवरी 09। स्टाइलिश मूंछे रखने की वजह से मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक कॉन्सटेबल को नौकरी से सस्पेंड कर दिया गया है। अब सोशल मीडिया पर उस पुलिसकर्मी के सपोर्ट में लोग उतर आए हैं। जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश पुलिस में ड्राइवर कॉन्सटेबल के पद पर तैनात राकेश राणा को पुलिस के आला अधिकारियों ने मूंछ काटने काटने का आदेश भी दिया था, लेकिन राकेश ने ऐसा करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया।

क्या कहा गया है सरकारी आदेश में?
राकेश राणा को निलंबित करने वाले सरकारी आदेश में कहा गया है, "कॉन्सटेबल ड्राइवर राकेश राणा जो कि विशेष पुलिस महानिदेशक (को-ऑपरेटिव फ्रॉड एवं लोक सेवा गारंटी) के वाहन पर चालक के रूप में कार्यरत है। उन्हें उनके बड़े बालों और स्टाइलिश मूंछों के कारण नोटिस दिया था कि वो उन्हें कटवा लें, लेकिन उन्हें विभागीय आदेश को नहीं माना। विभागीय आदेश के उल्लंघन के आरोप में राकेश राणा को तत्काल रूप से सस्पेंड किया जा रहा है।"
क्यों राकेश राणा को किया गया है सस्पेंड?
सरकारी आदेश में कहा गया है कि राकेश राणा की स्टाइलिश मूंछें अन्य कर्मचारियों पर नकारात्मक प्रभाव डाल रही थी, इसलिए उन्हें बाल और मूंछें काटने का आदेश दिया था, लेकिन उन्होंने विभाग का आदेश नहीं माना। राकेश राणा को सस्पेंड करने का आदेश पुलिस महानिरीक्षक की तरफ से जारी किया गया है।
मैं राजपूत हूं, मूंछ नहीं कटवाऊंगा- राणा
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई पर राकेश राणा काफी हैरान है, लेकिन अभी भी राकेश राणा ने अपने आत्म सम्मान को पहले रखा है। उन्होंने सस्पेंड होने के बाद भी मूंछें कटवाने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि मैं एक राजपूत हूं, मूंछें नहीं कटवाऊंगा, मूंछें राजपूत की शान होती हैं। राकेश राणा ने कहा कि वो मूंछों को लेकर कोई समझौता नहीं करेंगे। उनका कहना है कि वो लंबे समय से मूंछें रख रहे हैं, वो मूंछें नहीं कटवाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications