मध्य प्रदेश चुनाव: कांग्रेस घोषणा पत्र नहीं, वचन पत्र ला रही
भोपाल। मध्य प्रदेश में विधान सभा चुनावों की तिथि घोषित होने के बाद सभी पार्टियों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसके तहत कांग्रेस पार्टी ने भी जनता के लिए अपना घोषणा पत्र तैयार किया है। कांग्रेस ने इसका नाम 'वचनपत्र' दिया है। कांग्रेस नेताओं की मानें तो घोषणा पत्र का नाम 'वचनपत्र' इसलिए रखा गया है कि कांग्रेस पार्टी इस बार जनता से वादे नहीं कर रही है बल्कि उन्हें वचन दे रही है।

कांग्रेस के 'वचनपत्र' में करीब 70 से ज्यादा पेज है। इस 'वचनपत्र' को तैयार करने के लिए कांग्रेस समिति की 20 से ज्यादा बैठके हुईं थी। बता दें कि 10 हजार से ज्यादा लोगों से समिति अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह सहित नरेंद्र नाहटा, मीनाक्षी नटराजन आदि ने मुलाकात की भी थी। इसके साथ ही व्यापारिक, सामाजिक, कर्मचारी संगठनों के साथ बातचीत की गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इस बार के घोषणा पत्र को 'वचपत्र' बताया है और सरकार बनने पर सभी वचनों को पूरा करने की घोषणा भी की हैं। फिलहाल इस वचनपत्र को अनुमोदन के लिए हाईकमान के पास भेज दिया गया है। सूत्रों की मानें तो 'वचनपत्र' को अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह में सार्वजनिक किया जा सकता है।
घोषणा पत्र के प्रमुख बिंदु
-
- किसानों की कर्ज माफी। 70 से 72 लाख किसानों को लाभ देंगे। 35 से 40 हजार करोड़ की कर्ज माफी।
- प्रोफेशनल टैक्स समाप्त। कर्मचारियों, किसानों, व्यापारियों आदि को लाभ।
- बेरोजगार नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। न्यूनतम 1000 रुपए देंगे।
- शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को लैपटॉप।
- निराश्रित पेंशन की दर में वृद्धि। न्यूनतम 600 रुपए।
- गौ-शालाओं का निर्माण। पंचायत स्तर पर बनाएंगे गौ-शालाएं।
- महिला सुरक्षा। महिलाओं पर अपराध, उत्पीड़न आदि के लिए टास्क फोर्स का गठन।
- लिपिक वर्गीय कर्मचारियों को मंत्रालयीन कर्मचारियों की तरह वेतनमान व ग्रेड पे।
- सरकारी ग्रामीण सेवाओं के लिए पृथक से कैडर।
- पेंशनर्स को सातवें वेतनमान के बकाया का भुगतान। चार किस्तों में 272 करोड़ रुपए देगी कांग्रेस।
- अनुकंपा नियुक्ति के लिए अभियान।
- शिक्षकों के सभी पदनामों में परिवर्तन। वाहन चालक और भृत्य के पदनाम भी बदले जाएंगे।
- दैनिक वेतनभोगी से स्थायी कर्मचारी बनाए गए कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति 62 साल और सातवां वेतनमान।












Click it and Unblock the Notifications