Lokayukta: अटैचमेंट के बदले रिश्वत ले रहे डाक अधीक्षक को लोकायुक्त ने किया ट्रैप
गुना में रिश्वत लेते हुए पोस्ट ऑफिस के डाक अधीक्षक हुए ट्रेप, 30 हजार की ले रहे थे रिश्वत, अटैचमेंट के बदले कर्मचारी से मांगी थी रिश्वत, ग्वालियर लोकायुक्त ने पकड़ा
Lokayukta की टीम नें अटैचमेंट के एवज में रिश्वत ले रहे गुना के पोस्ट ऑफिस में पदस्थ डाक अधीक्षक को ट्रेप किया है। डाक अधीक्षक ने अपने ही विभाग के एक कर्मचारी से अटैचमेंट के बदले साठ हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। जिसमें से पहली किस्त के रूप में तीस हजार रुपए डाक अधीक्षक द्वारा लिए जा रहे थे तभी लोकायुक्त ने उन्हें पकड़ लिया।
Recommended Video

मुंगावली में पदस्थ कर्मचारी ने की शिकायत
मुंगावली में स्थित पोस्ट ऑफिस में पदस्थ इंद्रभान सिंह यादव नाम के कर्मचारी को अपना अटैचमेंट मुंगावली से अशोकनगर करवाना था। इसके लिए इंद्रभान सिंह यादव ने एक आवेदन गुना के हेड पोस्ट ऑफिस में दिया था। इंदभान सिंह का आरोप है कि आवेदन देखकर पोस्ट ऑफिस के डाक अधीक्षक बीएस मालवीय ने इंद्रभान सिंह यादव को अपने पास बुलाया और अटैचमेंट करने के बदले में ₹60000 रिश्वत मांगी।

इंद्रभान सिंह ने ग्वालियर लोकायुक्त में की शिकायत
डाक अधीक्षक द्वारा रिश्वत मांगने पर इंद्रभान सिंह ने बताया कि उसके पास रिश्वत के लिए पैसे नहीं है जिस पर डाक अधीक्षक ने अटैचमेंट करने से मना कर दिया। इंद्रभान सिंह ने इस बात की शिकायत जाकर सीधा ग्वालियर लोकायुक्त में की। जिसके बाद ग्वालियर लोकायुक्त ने इंद्रभान सिंह को रिश्वत की बातचीत रिकॉर्ड करने के लिए एक डिवाइस दिया और इंद्रभान सिंह ने फिर से डाक अधीक्षक से रिश्वत के लेनदेन की बातचीत की। यह पूरी बातचीत उस डिवाइस में रिकॉर्ड हो गई।

लोकायुक्त ने योजना बनाते हुए डाक अधीक्षक को किया ट्रैप
रिश्वत के लेनदेन की पुष्टि हो जाने पर लोकायुक्त की टीम द्वारा रिश्वत के लिए ₹30000 इंद्रभान सिंह को दिए गए और योजना के अनुसार इंद्रभान सिंह सोमवार को डाक अधीक्षक के शासकीय आवास पर रिश्वत के पैसे देने के लिए पहुंच गए। यहां जैसे ही इंद्रभान सिंह ने रिश्वत के ₹30000 डाक अधीक्षक बीएस मालवीय को दिए तो तुरंत लोकायुक्त की टीम ने उन्हें रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

भिंड में पिछले दिनों पकड़ा गए था विद्युत विभाग का जूनियर इंजीनियर
ग्वालियर-चंबल अंचल में लगातार रिश्वखोरी के मामले सामने आ रहे हैं। पिछले दिनों भिंड में भी पचास हजार की रिश्वत ले रहे विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर अरुण सैनी को ईओडब्ल्यू की टीम ने पकड़ा था और आज गुना में पोस्ट ऑफिस के डाक अधीक्षक तीस हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़े गए।












Click it and Unblock the Notifications