कांग्रेस पार्टी को CM मोहन यादव ने लिया आड़े हाथों, कहा- 'उन्हें नहीं पता आलू जमीन पर उगता है या...'
MP News: देवास-शाजापुर से बीजेपी के लोकसभा प्रत्याशी महेंद्र सिंह सोलंकी के समर्थन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आगर-मालवा पहुंचे। यहां सीएम यादव ने चुनावी जनसभा को संबोधित कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लिया। सीएम यादव ने कहा, 'कांग्रेस के नेता को यह भी नहीं पता कि आलू जमीन पर उगता है कि आसमान पर।'
आगर-मालवा पहुंचे सीएम मोहन यादव ने महेंद्र सिंह सोलंकी के समर्थन में जनता से वोट मांगे। साथ ही कहा कि यहां भी मोदी जी की गारंटी के प्रति जो भरोसा है और नागरिकों की आंखों में उम्मीदें हैं, वह नए भारत के साथ विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण का आधार हैं। इस दौरान सीएम ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनके नेता को यह भी नहीं पता कि आलू जमीन पर उगता है या आसमान पर।

कहा कि वह आलू को सोना बनाने की मशीन की बात करते हैं। इतना ही नहीं, सीएम यादव ने कहा कि कांग्रेस संविधान को खतरे में बताती है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार 2014 से केंद्र में है। कभी भी संविधान को कोई नुकसान नहीं हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तो अपने कार्यकाल की शुरुआत ही संविधान की पुस्तक को नमन करके की है।
सीएम यादव ने कहा कि मोदी जी ने पाकिस्तान को उसकी औकात दिखाई। पहले देश में कई बम धमाके होते थे। लेकिन जब से मोदी सरकार बनी है, तब से देश से आतंकवाद खत्म हो गया है। राम मंदिर को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि राम मंदिर बनने से कांग्रेस वालों का वोट बैंक छिन गया है।
अब 2024 में मोदी सरकार बनते ही मथुरा का नंबर आने वाला है। हमें सबको मिलकर श्री कृष्ण को मुस्कुराते हुए देखना है। इतना ही नहीं, सीएम ने कहा कि आज पनडुब्बी रोधी 'सुपरसोनिक मिसाइल असिस्टेड रिलीज ऑफ टॉरपीडो' मिसाइल सिस्टम के सफल परीक्षण ने देश को गौरवान्वित किया है।












Click it and Unblock the Notifications