हैंडपंप चलाते ही पानी की जगह निकलने लगी शराब
दतिया पुलिस ने एक घर में मारा छापा, घर के अंदर लगे हेंडपंप से पानी की जगह निकली शराब
दतिया, 19 जून। दतिया में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर से एक घर में दबिश दी। घर में लगे हुए हैंडपंप को देखकर पुलिस ने हैंडपंप को चलाया तो हैंडपंप में से पानी की जगह शराब निकलने लगी। यह नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी हैरत में पड़ गए। पूरा मामला दतिया जिले के प्रकाश नगर कंजर डेरा इलाके का है।

सिविल लाइन थाना पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी थी कि प्रकाश नगर कंजर डेरा में स्थित एक घर में शराब की बड़ी खेप रखी हुई है। इसी सूचना पर से सिविल लाइन थाना पुलिस मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंच गई। यहां पुलिस ने विनोद कंजर के घर में छापा मारा।
घर में लगे हैंडपंप से निकल रही थी शराब
पुलिस ने जब विनोद कंजर के घर में छापा मारा तो विनोद कंजर घर से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए शराब ढूंढना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने पानी पीने के लिए हैंडपंप चलाया तो हैंडपंप से पानी की जगह शराब निकलने लगी। यह देखकर पुलिसकर्मी भी हैरत में पड़ गए।
जमीन के अंदर दफना रखा था शराब से भरा टैंकर
विनोद कंजर ने पुलिस की नजरों से शराब को बचाने के लिए जमीन के अंदर ही शराब से भरा पूरा टैंकर दफना दिया था और टैंकर के ऊपर ही हैंडपंप लगा दिया था। विनोद को जब भी और जितनी भी शराब की जरूरत पड़ती थी तो वह हैंडपंप चलाकर शराब निकाल लेता था।
पंचायत चुनाव में खपाने के लिए लाई गई थी शराब
इन दिनों पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव चल रहे हैं। ऐसे में चुनावों में शराब का खपाने के लिए विनोद कंजर द्वारा अपने ही घर के अंदर शराब का स्टॉक किया गया था। विनोद कंजर चुनाव में शराब को सप्लाई करके मोटी रकम कमाना चाहता था लेकिन समय रहते पुलिस को इसकी खबर मिल गई और पुलिस ने विनोद कंजर के घर पर छापा मार दिया।
जमीन के नीचे से निकली 200 लीटर देसी हाथ भट्टी की कच्ची शराब
पुलिस ने जमीन को खोदकर देखा तो जमीन के अंदर से हाथ भट्टी की बनी हुई कच्ची शराब निकली। पुलिस ने जब पूरी शराब बाहर निकली तो तकरीबन 200 लीटर कच्ची शराब पुलिस के हाथ लगी। इसके अलावा कच्ची शराब तैयार करने के लिए बनाया गया घोल भी पुलिस के हत्थे लग गया।












Click it and Unblock the Notifications