गाड़ियों पर 'विकास संग निशा' लिख बाराती बनकर रेड मारने पहुंचे आयकर के 250 अधिकारी-कर्मचारी
Mandsaur News, मंदसौर। सजी-धजी गाड़ियां। शीशे पर चस्पा दूल्हा-दुल्हन का नाम देख हर किसी को लगा कि कोई बारात आई होगी, मगर थोड़ी ही देर बाद स्थिति साफ हुई तो हर कोई हैरान रह गया। दरअसल, कोई बारात नहीं बल्कि आयकर के अधिकारियों की फौज थी, जो कार्रवाई करने पहुंची थी। मध्यप्रदेश के मंदसौर में फिल्मी अंदाज में डाली गई रेड चर्चा का विषय बनी हुई है।

दरअसल, इनकम टैक्स विभाग ने मंदसौर में अमृत रिफाइनरी के ठिकानों पर रेड मारी है। रेड मारने की किसी को कानों-कान खबर नहीं हो इसके लिए आयकर के अधिकारियों ने अनूठा तरीका अपनाया, जिसके तहत गाड़ियों को सजाया गया और उन पर विकास संग निशा नाम के फर्जी पोस्टर लगाए गए। ताकि हर किसी लगे कि विकास की बारात की गाड़ियां हैं। इस फर्जी शादी में आयकर विभाग के ही करीब ढाई सौ अधिकारी कर्मचारी बाराती बने।

दस्तावेजों को खंगालने में जुटी टीम
फर्जी बारात का यह काफिला मंदसौर के गणेश वाटिका के पास स्थित अमृत रिफाइनरी के संचालक मनोहर के निवास पर पहुंचा। लोग कुछ समझ पाते इससे पहले तो आयकर विभाग की टीम ने अपनी कार्रवाई ही शुरू कर दी। फिलहाल टीम यहां पर आय से संबंधित दस्तावेजों को खंगालने में जुटी हुई है।

करोड़ों की टैक्स चोरी की आशंका
अमृत रिफाइनरी के संचालक के यहां मारी गई रेड अब तक क्या मिला है। इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। आयकर विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट तौर पर अभी कुछ नहीं बताया है, मगर सूत्रों के मानें तो यहां पर करोड़ों रुपए के टैक्स चोरी का पता चल सकता है। मंदसौर के अलावा दलोदा जावरा नीमच में भी इनकम टैक्स की टीम कार्रवाई कर रही है।

सोशल मीडिया में वायरल हो रही तस्वीरें
बाराती बनकर मारा गया आयकर का छापा सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। कारों के काफिले की तस्वीरें और इस अनूठी कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया में लोग चर्चा भी काफी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications