25 साल के युवक की मैगी खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, गुना में इलाज के दौरान हुई मौत, हार्ट अटैक की आशंका
मध्य प्रदेश के गुना से गजीबोगरीब मामला सामने आया जहां पर 25 वर्षी युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। घरवालों का कहना है कि बेटे ने रात को ज्यादा मात्रा में मैगी खा ली थी, जिसके बाद उसको रात को करीब 2 बजे उल्टी हुई। इसके बाद उसे अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने इलाज के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार का कहना है कि रात के समय युवक हेमंत मीणा को अस्पताल ले जाया गया, जहां ईसीजी के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हेमंत की उम्र 25 साल थी। उसके पिता के अनुसार, हेमंत ने डिनर में रोटी-सब्जी के साथ बड़ी मात्रा में मैगी खाई थी।

इसके बाद परिवार सो गया। रात करीब 2 बजे हेमंत पानी पीने के लिए उठा, लेकिन अचानक उसे उल्टी होने लगी और वह बेहोश हो गया। उसे गुना जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने फूड पॉइजनिंग के कारण हार्ट अटैक की आशंका जताई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की स्पष्ट वजह सामने आएगी।
हेमंत का परिवार राघौगढ़ का रहने वाला है। उसके पिता, शिवनारायण मीणा, ने बताया कि गुरुवार रात के डिनर के बाद हेमंत को उल्टी हुई और वह बेहोश हो गया।
पिता शिवनारायण ने बताया, "हम महीने भर का राशन एक साथ लाते हैं और 15 दिन पहले ही मैगी का पैकेट भी खरीदा था। हो सकता है कि मैगी की क्वालिटी खराब रही हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की असली वजह साफ हो जाएगी। यदि रिपोर्ट में मैगी को मौत की वजह बताया जाता है, तो हम संबंधित कंपनी के खिलाफ कार्रवाई के लिए आवेदन करेंगे।" शिवनारायण ने आगे कहा, "हेमंत नौकरी की तलाश कर रहा था और उसकी शादी के लिए भी लड़की देख रहे थे।"
डॉक्टरों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होगी। हेमंत के शव का पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. राहुल रघुवंशी ने बताया, "शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका लग रही है। विसरा को संरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। फूड पॉइजनिंग के मामलों में, अगर मरीज को लगातार उल्टी और दस्त होते हैं, तो अटैक का खतरा भी रहता है।"












Click it and Unblock the Notifications