जानिए क्यों, हॉस्पिटल ने ऑपरेशन बिल के साथ थमा दिया CCTV कैमरों का बिल
इंदौर। आए दिन अस्पतालों में गड़बड़ियों की खबरें सामने आती रहती हैं। एक ऐसा ही मामला इंदौर में सामने आया है। जिसने मरीज के बिल के साथ कैमरे और सीडी का भी खर्च जोड़कर पैसे वसूल किए हैं। मामला क्योरवेल हॉस्पिटल का है। यहां पर राधेश्याम अग्रवाल नाम के एक शख्स ने प्रोस्टेट का ऑपरेशन 2011 में यूरोलॉजिस्ट से करवाया था। उस समय डाक्टर ने इलाज से पहले बीमारी में 30 से 40 हजार रुपए खर्च होने की बात कही थी लेकिन जब उन्हें अस्पताल से डिसचार्ज किया गया तो उनका बिल 70 हजार बताया गया। मामला तब खुला जब मेडिक्लेम कंपनी ने इस बीमारी का इतना खर्च देने से इंकार कर दिया। बीमा कंपनी का कहना था कि इस बीमारी का इलाज केवल 25 हजार में हो जाता है। जब बिल की जांच की गई तो पता चला कि अस्पताल ने बिल में कैमरा, सीडी आदि सामानों की खर्च जोड़ा है।

पीड़ित परिवार ने हर स्तर पर शिकायत की, लेकिन जांच के बाद कार्रवाई नहीं हुई। परेशान अग्रवाल परिवार ने प्रधानमंत्री को शिकायत भेजी। पीएमओ ने इस मामलेको संज्ञान में लेते हुए जिला प्रशासन को चिट्ठी भेजी। इसके बाद सीएमएचओ ने जांच समिति बनाई। जांच में पता चला कि बिल में एक टेक्नीशियन के नाम के आगे डॉक्टर लिखा गया और हजार रुपए लिए गए हैं। बिल में कई ऐसे चार्ज लगाए गए, जिनका मरीज से कोई लेना देना नहीं था। बिल में कैमरा चार्ज भी लगाया गया, जबकि सीसीटीवी कैमरे अस्पताल खुद की सुरक्षा के लिए लगाते हैं।
क्योरवेल हॉस्पिटल के संचालक का कहना है कि हमने सीसीटीवी नहीं, बल्कि ऑपरेशन थियेटर में लेजर मशीन में इस्तेमाल कैमरा के चार्जेस लगाए थे। सीएमएचओ का पत्र मिलने के बाद मरीज को फोन कर राशि लौटाने के लिए कह दिया था। टेक्नीशियन को डॉक्टर नहीं बताया।












Click it and Unblock the Notifications