VIDEO: बाड़े से भागा 'ओबान' नहीं समझ रहा था हिंदी में कमांड, अंग्रेजी बोलते दिखे वनकर्मी
कूनो से एक चीता भाग निकला था। उसका वीडियो वायरल हो रहा। हालांकि देर शाम वो वापस लौट आया।

कूनो नेशनल पार्क में अब चीतों की संख्या 23 हो गई है। ये दुनिया के सबसे तेज दौड़ने वाले जीव हैं, ऐसे में उनकी शैतानियों से वनकर्मियों का परेशान होना लाजमी है। हाल ही में भागे चीते को पकड़ने जब कूनो के कर्मचारी पहुंचे, तो वो उसे अंग्रेजी में समझाते नजर आए। फिर क्या सोशल मीडिया पर बैठे लोगों ने मामले को पकड़ लिया और जमकर मजे लिए। (वीडियो-नीचे)
दरअसल रविवार को तमाम सुरक्षा इंतजामों को धता बताते हुए ओबान नाम का चीता कूनों के जंगल से भाग निकला, जिसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों की हालत खराब हो गई। उन्होंने तुरंत उसे एक गांव के पास ट्रैक किया। वो लोग उसे अंग्रेजी में समझा रहे थे। वो लगातार 'गो...गो...ओबान...गो' बोल रहे थे। जिसका वीडियो खूब वायरल हुआ।
अंग्रेजी क्यों बोली?
दरअसल ओबान नामीबिया से लाया गया है। उसके साथ विदेशी एक्सपर्ट्स का दल था। काफी वक्त तक उसको पिंजड़े में रखा गया। ऐसे में उसको कमांड देने के लिए एक्सपर्ट अंग्रेजी में ही बोलते थे। चीते कुत्ते-बिल्ली की तरह काफी समझदार जानवर होते हैं, इस वजह से वो कभी-कभी अपने ट्रेनर की बातें मान लेते हैं।
ग्रामीणों से भी मिला प्यार
वैसे जंगली जानवरों को देखकर ग्रामीण उनको भगाने और डंडे से मारने लगते हैं, लेकिन चीते के मामले में ऐसा नहीं हुआ। ओबान जब खेतों के पास दिखा, तो लोगों ने डंडे उठा लिए, लेकिन उसने कोई उग्र व्यवहार नहीं किया। ऐसे में लोग प्यार से उसे जंगल की ओर भगाने की कोशिश करते रहे। ग्रामीणों को ये व्यवहार देखकर वनकर्मियों ने भी राहत की सांस ली।
वापस अपने इलाके में लौटा
आपको बता दें कि पिछले साल सितंबर में 8 चीते आए थे। उसमें ओबान भी था। क्वारंटीन पीरियड खत्म करने के बाद मार्च में उसे खुले जंगल में छोड़ दिया गया, लेकिन रविवार को वो कूनो की सीमा पार कर जयपुर के झार बड़ौदा और गोलीपुरा गांव के खेतों में जा पहुंचा। हालांकि बाद में वन विभाग के कर्मचारी उसे कूनो में लाने में कामयाब रहे।












Click it and Unblock the Notifications