गलत तरीके से पटाखे फोड़ना पड़ा महंगा, जबलपुर में 5 साल के बच्चे की मौत, स्टील के गिलास के नीचे रखकर फोड़ा बम
Jabalpur News: मध्य प्रदेश की जबलपुर में टीम इंडिया की जीत की खुशी में पटाखे फोड़ना महंगा पड़ गया। दरअसल, रविवार को कुछ बच्चे स्टील के क्लास के नीचे रखकर बम फोड़कर जीत का जश्न मना रहे थे। इस दौरान बम फूटने से गिलास का टुकड़ा 5 साल के बच्चे के पेट में जा घुसा। जिससे मासूम की मौत हो गई।
जबलपुर में रविवार को कुछ बच्चों ने स्टील के गिलास के नीचे रखकर बम फोडा। पटाखा फटते ही गिलास का टुकड़ा वहां खड़े 5 साल के बच्चे के पेट में चला गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना शाम के लगभग 6 बजे हुई।

यहां गोहलपुर थाना क्षेत्र के बधैया मोहल्ले में इसी समय कुछ लोग भारत के T20 विश्व कप जीतने का जश्न मना रहे थे। स्थानीय निवासी दिनेश सोनी ने बताया कि रविवार शाम कुछ बच्चे पटाखे फोड़ रहे थे।
खेल-खेल में पड़ोस के कुछ लड़के इकट्ठा हो गए। सभी मस्ती कर रहे थे। इन बच्चों की उम्र 10 से 12 साल थी। इस दौरान एक बच्चा अपने घर से स्टील का गिलास लेकर आया और बम के ऊपर रख दिया। पहली बार में पटाखा नहीं फटा, तो दूसरी बार फिर कोशिश की।
इस बार भी बच्चों ने गिलास के नीचे पटाखा रखा। जैसे ही आग लगी, धमाके के साथ गिलास फट गया। गिलास का टुकड़ा करीब 10 मीटर दूर खड़े 5 साल के दीपक ठाकुर के पेट में चला गया, जिससे उसने तेजी से चीखना शुरू किया। उसके पेट से खून निकलने लगा। उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया गया, लेकिन उसकी जान बचाई नहीं जा सकी। घटना के बाद बच्चे के माता-पिता अब सदमे में हैं। इस सूचना के बाद, गोहलपुर थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को टीम के साथ मौके पर पहुंचीं हैं और उन्होंने मर्ग कायम करने के लिए जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications