MP News: डबरा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर FIR, कांग्रेसी और बीजेपी के कार्यकर्ता भिड़े
Jitu patwari News: पूर्व मंत्री इमरती देवी पर विवादित बयान देने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ ग्वालियर के डबरा थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बता दे इमरती देवी ने जीतू पटवारी के खिलाफ थाने में मामला दर्ज करने के लिए आवेदन दिया था।
पूर्व मंत्री इमरती देवी के आवेदन पर ग्वालियर जिले की डबरा पुलिस द्वारा अपराध क्रमांक 355 /24 धारा आईपीसी 509 तथा 3(1) के तहत पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। वहीं बैतूल पहुंचे जीतू पटवारी का भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया और इस दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हो गई।

दरअसल, जीतू पटवारी का एक वीडियो सामने आया है, उन्होंने पूर्व मंत्री इमरती देवी को लेकर एक सवाल के जवाब में हंसते हुए कहा, "देखो, ऐसा है, अब इमरती जी का रस खत्म हो गया है। जो अंदर चाशनी होती है... उनके लिए अब मैं कुछ बात नहीं कर रहा।"
यह 16 सेकेंड का वीडियो ग्वालियर का माना जा रहा है। उन्होंने गुरुवार रात कांग्रेस जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा से मिलने उनके घर पहुंचा था और उसके बाद मीडिया से बात की थी। जीतू इससे पहले मुरैना में प्रियंका गांधी की सभा में शामिल हो चुके थे, जहां प्रियंका कांग्रेस लोकसभा प्रत्याशी सत्यपाल नीटू सिकरवार के समर्थन में सभा कर रही थीं।
बैतूल के घोड़ाडोंगरी में आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी रामू टेकाम के पक्ष में आमसभा को संबोधित करने आए थे। आमसभा के समाप्त होने के बाद जब वो वापस जा रहे थे घोड़ाडोंगरी के दुर्गा चौक पर जीतू पटवारी को भाजपा नेताओं ने काल झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपा नेता दीपक उइके का कहना है कि पूर्व मंत्री इमरती देवी को लेकर जीतू पटवारी ने जो बयान दिया था उसको लेकर काले झंडे दिखाए। महिलाओं के प्रति कांग्रेंस की सोच बहुत गंदी है यही कारण है कि उन्होंने कहा था कि इमरती देवी में रस नहीं बचा है।

इसके पहले पूर्व मुख्यंत्री दिग्विजय सिंह भी महिलाओं को लेकर टंच माल कह चुके हैं। लगातार कांग्रेस के द्वारा महिलाओं का अपमान किया जा रहा है। इसी को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष बबला शुक्ला के निर्देश पर जिले में जहां-जहां भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का कार्यक्रम होगा वहां पर भाजपा विरोध के रूप में काले झंडे दिखाएगी।
कांग्रेसियों ने जताया विरोध, जीतू पटवारी के जाने के बाद कांग्रेसियों ने पुलिस के वाहन रोककर विरोध प्रदर्शन किया। घोड़ाडोंगरी तहसीलदार महिमा मिश्रा, एसडीओपी रोशन जैन के सामने विरोध जताते हुए कहा कि पुलिस के सामने ही भाजपाईयों ने काले झंडे दिखाए। पुलिस ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को धक्का दिया। काले झंडे दिखाने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्यवाही की जानी चाहिए।
इमरती ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से की मांग
जीतू के बयान के बाद इमरती देवी ने कहा था कि 'इसकी शिकायत वे SP से करने जा रही है। अब अगर वे माफी भी मांगते हैं, तब भी वो उन्हें माफ नहीं करने वाली है।' अशोकनगर में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, 'ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि कांग्रेस के लोगों को सद्बुद्धि दें। कभी दिग्विजय सिंह टंच माल, कभी कमलनाथ आइटम बोलते हैं। कांग्रेस के लोगों को ऐसा नहीं करना चाहिए। बाबासाहेब अंबेडकर के संविधान से ही सभी महिलाएं घर से बाहर निकली हैं। मैं तो SC समाज की महिला हूं।' इमरती ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी से जीतू पटवारी का प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा लेने की मांग भी की है।












Click it and Unblock the Notifications